आरक्षण में रिफॉर्म की मांग को लेकर दिल्ली में शुरू हुए आंदोलन के बीच इस मुद्दे पर तमाम राजनीतिक पार्टियों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। केंद्र में ही एनडीए के सहयोगी दलों ने आरक्षण के बचाव में उतरना शुरू कर दिया है तो वहीं यूपी में योगी सरकार के सहयोगी दल निषाद पार्टी ने आरक्षण के पक्ष में बयान दिया है।

सोमवार को उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जिन समुदायों के लोगों ने लंबे समय तक देश के लिए संघर्ष किया और इस दौरान अपनी जमीन-जायदाद गंवाई, उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें आरक्षण का लाभ मिलना ही चाहिए। संजय निषाद ने कहा कि आरक्षण का उद्देश्य उन समुदायों को आगे बढ़ने का अवसर देना है जो ऐतिहासिक कारणों से शिक्षा और आर्थिक विकास में पिछड़ गए।

‘आरक्षण शिक्षित होने का मौका देता है’

लखनऊ में न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए संजय निषाद ने कहा, “ये वे लोग हैं जिन्होंने अंग्रेजों और मुगलों के हाथों दुख झेले, मौत का सामना किया और अपनी जमीन-जायदाद गंवाई। ये लोग राष्ट्रवादी हैं, लेकिन गरीब हैं जिसकी वजह से यह शिक्षा में आगे नहीं आ पाए। ऐसे में आरक्षण के जरिए इन्हें शिक्षित होने का मौका मिलना शुरू हुआ। इस मुद्दे पर बहस होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस तो चर्चा करने से ही इनकार कर रही है।”

‘मुगलों और अंग्रेजों से लड़ी है लड़ाई’

संजय निषाद ने आरक्षण पर बोलते हुए आगे कहा, “जब अंग्रेज आए तो कुछ लोग अपने ही देश में देशद्रोही थे, कुछ लोग अंग्रेजों की तरफ से बंदूकें चला रहे थे। अंग्रेजों ने रेजिमेंट बनाई थीं, जबकि दूसरे उनके खिलाफ लड़ रहे थे और यह लोग देश के लिए लड़ रहे थे। जो लोग देश के लिए लड़े वह बर्बाद होकर गरीब हो गए और अंग्रेजों ने उनकी जमीनों को जब्त कर लिया। अगर ऐसे लोगों को आरक्षण नहीं मिलेगा तो फिर किसे मिलेगा? उन्होंने 750 साल तक मुगलों से और 350 साल तक अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी है और इसी वजह से वह पढ़ नहीं पाए। ऐसे में आरक्षण उन लोगों को पढ़ने का मौका देता है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

इस दौरान संजय निषाद ने कांग्रेस पार्टी पर भी हमला बोला। निषाद ने कहा कि आज कांग्रेस इस मुद्दे पर बहस के लिए तैयार नहीं है। निषाद ने कहा, “आज वह मंदिर जा सकते हैं यहां तक कि बजरंगबली को प्रणाम भी कर सकते हैं, लेकिन दूसरी तरफ वे मछली खाते हैं। कांग्रेस को कोई न कोई रास्ता चुनना होगा।

मंत्री ने कांग्रेस पर निषाद समुदाय से जुड़े मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। अयोध्या में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के कार्यक्रम में मछली खाने के विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस गैर-मुद्दों को मुद्दा बना रही है, जबकि निषाद समुदाय की गरीबी और उसके अधिकारों पर चर्चा होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: ‘…अगर ऐसा हुआ तो हम BJP से एक भी सीट नहीं मांगेंगे’, निषाद आरक्षण मुद्दे पर क्या बोले संजय निषाद?

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरक्षण को लेकर बीजेपी से अपील की है कि निषाद समुदाय को एससी कैटेगरी में शामिल किया जाए। संजय निषाद ने कहा कि हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेतृत्व के सामने अपनी बात रखेंगे। संजय निषाद ने कहा कि हमारी मांग है ओबीसी के 9 फीसदी कोटे से हमारा नाम हटाकर 9 फीसदी एससी कोटे में जोड़ दिया जाए। यहां पढ़ें पूरी खबर…