भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर श्रीनगर पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान गोर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इस मुलाकात के बारे में बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि वह अमेरिकी राजदूत के सामने आंतरिक मुद्दों को नहीं उठाएंगे।

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि वह अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से क्षेत्र की स्थिति के बारे में चर्चा करेंगे लेकिन उन्होंने आंतरिक मुद्दों को उठाने से इनकार करते हुए कहा कि इन मुद्दों को केवल केंद्र सरकार ही हल कर सकती है। अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा, ”बहुत लंबे समय बाद कोई अमेरिकी राजदूत जम्मू-कश्मीर का दौरा कर रहा है। व्यक्तिगत रूप से मुझे भी किसी अमेरिकी राजदूत से मिले हुए काफी समय हो गया है। उन्हें आने दीजिए, हम बैठकर बात करेंगे।”

जम्मू-कश्मीर की समस्याओं का समाधान अमेरिका से नहीं होगा- उमर

मुख्यमंत्री ने हालांकि कहा कि वह राजदूत की बात सुनना अधिक पसंद करेंगे और गोर भी सुनने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ”देखते हैं कि आज दोपहर जब वह मिलने आएंगे तो किस तरह की बातचीत होती है।” अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की समस्याओं का समाधान अमेरिका से नहीं होगा बल्कि इनका समाधान केंद्र सरकार ही कर सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह निश्चित रूप से जम्मू-कश्मीर और मौजूदा स्थिति पर चर्चा करेंगे लेकिन न तो शिकायत करेंगे और न ही अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उनसे आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा, ”किसी दूसरे देश के राजदूत के समक्ष अपने देश की शिकायत करना उचित नहीं होगा, यह मेरी आदत कभी नहीं रही है। हमारी समस्याओं का समाधान वाशिंगटन से नहीं होगा, हमारी समस्याओं का समाधान केंद्र सरकार के पास है।”

वहीं, भारत पहुंचे सर्जियो गोर ने मुंबई में ‘इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ़ कॉमर्स नेशनल कन्वेंशन 2026’ के उद्घाटन सत्र में भाग लिया। भारत में अमेरिकी राजदूत ने कहा, “मुंबई वापस आना हमेशा बहुत अच्छा लगता है। यह एक ग्लोबल शहर है, दुनिया की कई दूसरी जगहों के मुकाबले इसकी अपनी एक खास पहचान है। जैसा कि मैंने अपनी स्पीच में कहा, महाराष्ट्र के दुनिया के नक्शे पर खास जगह बनाने की एक वजह है। उनमें से एक वजह मुंबई है। दूसरी वजह आपके शानदार मुख्यमंत्री हैं। आपके पास एक ऐसे व्यक्ति हैं जो दूरदर्शी हैं, लोगों से जुड़ने वाले हैं और इस इलाके की परवाह करते हैं। इसलिए, यहां का माहौल बहुत स्वागत करने वाला है।”

गोर ने आगे कहा, “अमेरिका पहले से ही यहां मौजूद है। अमेरिका आगे भी यहां बना रहेगा और हम दोनों देशों के लिए फायदेमंद मौकों की पहचान करते रहेंगे। मुंबई में होना खुशी की बात है। मैं यहां कई बार आ चुका हूं और आगे भी कई बार यहां आने की उम्मीद करता हूं।”

यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं तारिक रहमान की भारत यात्रा ‘यादगार’ हो

बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहते हैं कि उनके बांग्लादेशी समकक्ष तारिक रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा ”यादगार” हो। साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच मजबूत होते संबंधों से अंततः भारत और बांग्लादेश के लोगों तथा कारोबारियों को लाभ होगा। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें