अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को बड़ा फैसला लेते हुए भारत पर लगाए गए टैरिफ को कम कर दिया है। अमेरिका ने टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया है।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, ‘आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात हुई। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के ताकतवर और सम्मानित नेता हैं। हमने व्यापार, रूस और यूक्रेन के युद्ध को समाप्त करने जैसे कई मुद्दों पर बात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करने को लेकर सहमत हुए हैं और अमेरिका और संभवत: वेनेजुएला से भी ज्यादा तेल खरीदने पर उन्होंने सहमति दी है।’

इधर ट्रंप ने पीएम मोदी को मिलाया फोन, उधर अमेरिका के लिए रवाना हो गए जयशंकर

ट्रंप ने यह भी कहा है कि भारत और अमेरिका ट्रेड डील पर सहमत हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करने के बाद ही रेसिप्रोकल टैरिफ को कम किया है। उन्होंने इस कदम को दोस्ती और सम्मान का प्रतीक बताया है।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका से 500 अरब डॉलर से भी ज्यादा के अमेरिकी ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और कई अन्य उत्पाद खरीदने का वादा किया है। ट्रंप ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और मैं ऐसे दो लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं, यह बात अधिकतर लोगों के बारे में नहीं कही जा सकती।”

हालांकि, भारतीय सामानों के निर्यात पर लगने वाला 25% टैरिफ अभी भी लागू है।

राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बेहद अहम- मोदी

ट्रंप की पोस्ट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपना बयान जारी किया। मोदी ने कहा कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर अब टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा।

मोदी ने कहा, ‘अपने दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब भारत में बने उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% हो जाएगा। इस घोषणा के लिए भारत की 1.4 अरब जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद। जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं तो इससे लोगों को फायदा होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के कई मौके बनते हैं। वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बेहद अहम है।’

फोन पर हुई थी दोनों नेताओं के बीच बातचीत

इस बेहद अहम ऐलान से थोड़ी देर पहले डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की थी। ट्रंप के द्वारा टैरिफ लगाए जाने की वजह से दोनों देशों के रिश्ते काफी तनावपूर्ण हो गए थे लेकिन अब उनके इस ताजा ऐलान से यह पता चलता है कि दोनों देशों के रिश्ते न सिर्फ सुधर रहे हैं बल्कि फिर से पहले जैसे हो रहे हैं।