भारत और अमेरिका का द्विपक्षीय व्यापार समझौता जल्द होने की उम्मीद है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने शुक्रवार को इस पर बात की। उन्होंने कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि भारत के साथ व्यापार समझौता अगले कुछ हफ्तों और महीनों में हो जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि समझौते का केवल एक फीसदी हिस्सा ही पूरा होना बाकी है और भारतीय एवं अमेरिकी वार्ताकार इस पर काम कर रहे हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की भारत की चार दिवसीय यात्रा को सार्थक बताते हुए सर्जियो गोर ने आईआईटी दिल्ली में आयोजित यूएस-इंडिया ट्रस्ट इंसिएटिव कार्यक्रम में बोलते हुए कहा, “अभी पिछले ही हफ्ते भारत ने उस व्यापार समझौते के अंतिम 1 प्रतिशत हिस्से को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका एक टीम भेजी थी। अगलेत हफ्ते हम उन वार्ताओं को जारी रखने के लिए यहां एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करेंगे।”
‘कुछ हफ्तों या महीने में होगा व्यापार समझौता’
सर्जियो गोर ने जोर देते हुए कहा, “हमें पूरी उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच अगले कुछ हफ्तों और महीनों में व्यापार समझौता हो जाएगा।”
MEA ने की थी ऐसी ही बात
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को भी इसी तरह की बात की। रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमारी एक व्यापार टीम अप्रैल माह में अमेरिका गई थी और अब हमें उम्मीद है कि अगले हफ्ते अमेरिका से एक टीम भारत आएगी, जहां बातचीत को आगे बढ़ाया जाएगा। अब तक हमारी बातचीत काफी सकारात्मक रही है।”
इससे पहले वाणिज्य मंत्रालय ने कहा था कि प्रस्तावित द्विपक्षीय समझौते के शेष प्रावधानों को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका एक उच्च स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल एक से चार जून तक भारत के दौरे पर आने वाला था।
मार्को रूबियो ने भी किया था इशारा
सर्जियो गोर ने यह बात तब कही जब मार्को रूबियो ने भारत के साथ संबंधों को सुधारने की कोशिश करते हुए इसे दो ऐसे देशों के बीच एक रणनीतिक गठबंधन बताया, जिनका वैश्विक प्रभाव है और जो वैश्विक घटनाओं को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। मार्को रूबियो ने यह भी कहा कि दोनों देश ऐसे व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के कगार पर हैं, जो टिकाऊ होगा और दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद साबित होगा।
भारत-अमेरिका का व्यापार बढ़ा
सर्जियो गोर ने कहा कि अमेरिका-भारत संबंधों को आगे बढ़ाने की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, “भारत का महत्व अब न केवल आर्थिक रूप से बल्कि रणनीतिक रूप से भी पूरी दुनिया के लिए है।”
आर्थिक संबंधों की तेज़ी से बढ़ती रफ़्तार पर ज़ोर देते हुए, सर्जियो गोर ने बताया कि पिछले दो दशकों में सामान और सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब डॉलर से बढ़कर 220 अरब डॉलर से भी अधिक हो गया है।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने NSA अजीत डोभाल के साथ की बैठक, जानें किन मुद्दों पर हुई बात
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार शाम को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच महत्वपूर्ण सुरक्षा और भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
