चुनाव आयोग ने रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। असम, केरल, पुडुचेरी में 9 अप्रैल और तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। पश्चिम बंगाल में दो चरणों- 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग होगी जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 824 विधानसभाओं में कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि कुल 2.19 लाख मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी, जहां 25 लाख चुनाव अधिकारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। कुमार ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अच्छा काम करने के लिए बीएलओ को बधाई भी दी।
कुमार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर तैनात पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत अपलोड करेंगे और चुनाव समाप्त होने के तुरंत बाद मतदान के आंकड़े जारी कर दिए जाएंगे।
पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजे
पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल में पिछले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने शानदार जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में टीएमसी के खाते में 213 सीटें गई थीं। बीजेपी ने उस चुनाव में 77 सीटें जीती थीं। कांग्रेस और लेफ्ट गठबंधन अपना खाता तक नहीं खोल पाया था। जानकारी के लिए बता दें कि बंगाल विधानसभा में 294 सीटे हैं।
असम: असम के पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 60 सीटें जीतकर अपनी सरकार बनाई थी। उसकी सहयोगी पार्टी एजीपी को 9 सीटें मिली थीं और यूपीपीएल के खाते में 6 सीटें गई थीं। कांग्रेस को उस चुनाव में 29 सीटों से संतोष करना पड़ा था, AIUDF को तब 16 सीटें हासिल हुई थी। जानकारी के लिए बता दें कि असम विधानसभा में 126 सीटें हैं।
केरल: केरल के पिछले विधानसभा चुनाव में एलडीएफ ने 99 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की थी। दूसरी तरफ यूडीएफ के खाते में 41 सीटें गई थीं। जानकारी के लिए बता दें कि केरल विधानसभा में 140 सीटें आती हैं।
तमिलनाडु: तमिलनाडु में पिछले विधानसभा चुनाव में डीएमके गठबंधन ने 159 सीटें हासिल की थीं। अकेले डीएमके को 133 सीटें मिली थीं। AIADMK की बात करें तो उसने 66 सीटें जीती थीं। जानकारी के लिए बता दें कि तमिल विधानसभा में 234 सीटें हैं।
पुडुचेरी: पुडुचेरी में पिछले विधानसभा चुनाव 2021 में All India NR Congress के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 10 सीटें जीतीं थीं। यहां भी सहयोगी बीजेपी ने 6 सीटें हासिल कीं। वहीं डीएमके और कांग्रेस गठबंधन को कुल 11 सीटें मिलीं थीं। जानकारी के लिए बता दें कि पुडुचेरी विधानसभा में 30 सीटें हैं।
Election Date 2026 Live Updates: हारने के बाद ईवीएम पर सवाल उठाता है विपक्ष- एस.पी. सिंह बघेल
मतदान की तारीखों के ऐलान पर केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा, "हम चुनाव आयोग द्वारा 5 राज्यों में चुनाव की घोषणा का स्वागत करते हैं और बधाई देते हैं... हमें उम्मीद है कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव होंगे। कई राज्यों में, जहां पहले से ही हार की आशंका है, एसआईआर, ईवीएम और चुनाव आयोग पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं… हारने के बाद वे ईवीएम पर सवाल उठाते हैं।"
Election Date 2026 Live Updates: 4 मई-बंगाल से टीएमसी गई, बीजेपी बनाएगी सरकार- गौरव वल्लभ
चुनाव की तारीखों के ऐलान पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा, "गली-गली में एक ही बात गूंज रही है कि 4 मई-बंगाल से टीएमसी गई। पिछले पांच वर्षों में ममता बनर्जी ने जिस तरह से मां-माटी-मानुष को धोखा दिया है, उससे यह बात साफ है कि इस बार बंगाल में भाजपा का कमल खिलेगा और सुशासन वाली सरकार बनेगी और बाकी चार राज्यों में भी सुशासन वाली सरकारें बनेंगी... इन पांच राज्यों के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं।"
Election Date 2026 Live Updates: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की हार होगी : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा। अखिलेश ने विश्वास व्यक्त किया कि टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी मुख्यमंत्री के पद पर बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को समर्थन देगी।
Election Date 2026 Live Updates: प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मिलेगा पांचों राज्यों में भारी बहुमत
चुनाव की तारीखों की घोषणा पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, "...95 चुनाव हारने के बाद अब वे शतक लगाने जा रहे हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी देश के खिलाफ लगातार नकारात्मकता फैला रही है और हमारे संवैधानिक संस्थानों के विरुद्ध बयान दे रही है… प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इन पांच राज्यों के चुनावों में बिहार जैसा हाल देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पांचों राज्यों में हमें भारी बहुमत मिलेगा।"
Election Date 2026 Live Updates: आम आदमी पार्टी ने असम के लिए 14 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
आम आदमी पार्टी ने नौ अप्रैल को होने वाले असम विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को 14 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची में शामिल सभी निर्वाचन क्षेत्र ब्रह्मपुत्र घाटी में स्थित हैं। आम आदमी पार्टी यहां अकेले चुनाव लड़ेगी।
Election Date 2026 Live Updates: 100 से अधिक सीटें जीतने का है लक्ष्य- वी.डी. सतीशन
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने कहा, "यूडीएफ की टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ लौटी है और केरल में 100 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है। जनता यूडीएफ के साथ खड़ी होगी, उस सरकार के खिलाफ जिसने राज्य को बर्बाद कर दिया है। मिशन 2026 का लक्ष्य 100 से अधिक सीटें जीतना है और यह जीत आगामी चुनाव में निश्चित रूप से हासिल होगी।"
Election Date 2026 Live Updates: सीपीआई ने केरल के लिए 25 उम्मीदवारों का किया ऐलान
सीपीआई ने नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 25 उम्मीदवारों की घोषणा की है। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों की घोषणा के कुछ ही मिनट बाद पार्टी ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। सीपीआई केरल सरकार की अगुवाई कर रहे एलडीएफ में शामिल है। उम्मीदवारों की सूची में चार मौजूदा मंत्रियों- जी.आर. अनिल, जे चिंचूरानी, के. राजन और पी. प्रसाद के नाम भी शामिल हैं।
Election Date 2026 Live Updates: देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करे आयोग- सीपीआई महासचिव डी. राजा
मतदान की तारीखों की घोषणा पर सीपीआई महासचिव डी. राजा ने कहा, "चुनाव आयोग एक संवैधानिक निकाय है और उसे निष्पक्ष रूप से कार्य करना चाहिए ताकि लोगों को चुनाव आयोग के कामों पर पक्षपातपूर्ण होने का संदेह या सवाल उठाने का कोई मौका न मिले। उसे देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने चाहिए।"
Election Date 2026 Live Updates: राजनीतिक हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगा चुनाव आयोग- ज्ञानेश कुमार
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, ‘...आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद, चुनाव परिणामों को प्रभावित करने वाला या प्रलोभन देने वाला कोई भी निर्णय स्वीकार्य नहीं है और आदर्श आचार संहिता अभी लागू हो गई है। जहां तक चुनावी प्रक्रिया का संबंध है, भारत में चुनाव संविधान, कानून और निर्देशों के अनुसार आयोजित किए जाते हैं। चुनाव आयोग राजनीतिक हिंसा और चुनाव को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के प्रलोभन को बर्दाश्त नहीं करेगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।’
Election Date 2026 Live Updates: केरल में फिर सरकार बनाएगा एलडीएफ- सीपीआई सांसद पी. संदोष
चुनाव की तारीखों के ऐलान पर सीपीआई सांसद पी. संदोष ने कहा, "हम अपनी जीत दोहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं... हमारे उम्मीदवार पहले से ही मैदान में सक्रिय हैं... विपक्ष पूरी तरह अराजकता फैला रहा है। आने वाले समय में राज्य में एलडीएफ द्वारा ज़ोरदार चुनाव प्रचार किया जाएगा... हम तीसरी बार सत्ता बरकरार रखकर इतिहास रचेंगे।"
Election Date 2026 Live Updates: हमें शानदार जीत की है उम्मीद- भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदराजन
चुनाव की तारीखों की घोषणा पर भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदराजन ने कहा, "...मैं भारत सरकार और चुनाव आयोग को साफ मतदाता सूची जारी करने के लिए धन्यवाद देती हूं, यह महत्वपूर्ण है क्योंकि शुरुआत में मुख्यमंत्री ने इसका विरोध करते हुए दावा किया था कि सभी अल्पसंख्यक वोट हटा दिए जाएंगे… हमारे पास पर्याप्त समय है, और सत्ता विरोधी लहर को देखते हुए, हमें शानदार जीत की पूरी उम्मीद है।"
Election Date 2026 Live Updates: पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव के ऐलान पर क्या बोले मुख्य चुनाव आयुक्त?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव केवल दो चरणों में कराने पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "पश्चिम बंगाल में चुनाव पहले के आठ चरणों के बजाय दो चरणों में कराए जाने के संबंध में आयोग ने काफी विचार-विमर्श किया और इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि चरणों की संख्या कम करना और इसे उस स्तर तक लाना आवश्यक है जहां यह सभी के लिए सुविधाजनक हो।"
Election Date 2026 Live Updates: हम पश्चिम बंगाल में बदलाव के लिए तैयार हैं- भाजपा विधायक शंकर घोष
चुनाव की तारीखों के ऐलान पर भाजपा विधायक शंकर घोष ने कहा, "हम पश्चिम बंगाल में बदलाव के लिए तैयार हैं... भाजपा राज्य में वास्तविक बदलाव लाएगी और एक नया बंगाल राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।"
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसलिए आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले की गई कार्रवाइयां संबंधित सरकार का विशेषाधिकार थीं।"
चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा, "5 राज्यों में चुनाव होने हैं। असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक ही चरण में चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल के लिए, हमने मांग की थी कि चुनाव एक ही चरण में हों... निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है और इसके लिए उन्होंने पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव की घोषणा की है... यह तिथि और आगे बढ़ाई जा सकती थी।’
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को और गुजरात और महाराष्ट्र की विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। सभी सीटों के लिए मतगणना 4 मई को होगी।"
Election Date 2026 Live Updates: हिंसा मुक्त चुनाव कराने के दिए निर्देश- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "लगभग 24 एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव हिंसा से मुक्त होने चाहिए। कलेक्टरों और एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी निष्पक्षता से कार्य करें और कानून का पालन सुनिश्चित करें। पर्यवेक्षक राज्यों का दौरा करेंगे, उनकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की फर्जी खबर पर कड़ी निगरानी रखी जानी चाहिए और आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।"
चुनाव आयोग ने 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को आएंगे।
1. असम - वोटिंग की तारीख- 9 अप्रैल
2. तमिलनाडु - वोटिंग की तारीख- 23 अप्रैल
3. पश्चिम बंगाल - वोटिंग की तारीख- 23 अप्रैल (पहला चरण), 29 अप्रैल (दूसरा चरण)
4. केरल - वोटिंग की तारीख- 9 अप्रैल
5. पुडुचेरी - वोटिंग की तारीख- 9 अप्रैल
Election Date 2026 Live Updates: पश्चिम बंगाल में हैं 6.44 करोड़ मतदाता- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "अंतिम सूची के अनुसार असम में लगभग 2.25 करोड़, केरल में 2.7 करोड़, पुडुचेरी में 9.44 लाख, तमिलनाडु में 5.67 करोड़ और पश्चिम बंगाल में 28 फरवरी को जारी अंतिम सूची में 6.44 करोड़ मतदाता हैं। न्यायाधीशों द्वारा अपने निर्णय के बाद जो भी पूरक सूची आएगी, उसे इसमें जोड़ दिया जाएगा।"
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पांच राज्यों के 824 निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों में कुल 17.4 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे।
Assembly Election Date 2026 Live Updates: आयोग ने किया सभी चुनावी राज्यों का दौरा- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के मतदाताओं। पिछले कुछ दिनों में, आयोग ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए सभी चुनाव वाले राज्यों का दौरा किया। इन दौरों के दौरान, आयोग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से मुलाकात की और उनके सुझाव प्राप्त किए। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों, एसपी, आईजी, डीआईजी और सभी प्रवर्तन एजेंसियों के नोडल अधिकारियों से भी मुलाकात की। आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, मुख्य सचिवों और डीजीपी के साथ भी बैठकें कीं।"
Election Date 2026 Live Updates: पांचों राज्यों में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है आयोग- ज्ञानेश कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चुनाव आयोग पांचों राज्यों में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने सभी चुनावी राज्यों का दौरा किया है और राजनीतिक दलों से सुझाव लिए गए हैं।
Assembly Election Dates 2026 Announcement LIVE: हर राज्य में मजबूत है एनडीए- रामदास अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "पांच राज्यों में होने वाले चुनावों में एनडीए हर राज्य में मजबूत है। मुझे विश्वास है कि हमारी सरकार चार राज्यों में सत्ता में आएगी। केरल में भी भाजपा की ताकत बढ़ रही है। हमारा प्रयास सभी पांच राज्यों में एनडीए सरकार बनाने का है। ममता बनर्जी को भाजपा, एनडीए हरा सकता है।"
Assembly Election Dates 2026 Announcement LIVE: चुनाव आयोग और भाजपा का है गठबंधन- कांग्रेस नेता पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "गुवाहाटी में गृह मंत्री का कार्यक्रम दोपहर 3 बजे समाप्त हो गया और चुनाव कार्यक्रम की घोषणा शाम 4 बजे की जाएगी। पूरा देश चुनाव आयोग और भाजपा के इस गठबंधन को देख रहा है। चाहे वे कितनी भी मिलीभगत करें, असम की जनता ने ठान लिया है कि इस बार वे बदलाव के लिए वोट देंगे।"
Assembly Election Dates 2026 Announcement LIVE: 'एमसीसी-मोदी की चुनाव प्रचार संहिता': कांग्रेस
चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने से पहले कांग्रेस ने रविवार को तंज कसा है। कांग्रेस ने कहा है कि चुनाव आचार संहिता (एमसीसी) 2014 से ''मोदी की चुनाव प्रचार संहिता'' का पर्याय बन गई है। विपक्षी दल ने यह भी दावा किया कि जी1 ने ''उद्घाटन, फीता काटने एवं हरी झंडी दिखाने'' के दौर को पूरा कर लिया होगा इसलिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा को जी2 ने हरी झंडी दे दी होगी।'' चुनाव आयोग असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा।
