5 States Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाताओं की संख्या में 13.24 फीसद तक की कमी आई है। आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। इन पांच राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

निर्वाचन आयोग और राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की ओर से सार्वजनिक किए गए आंकड़ों के अनुसार, इन पांच राज्यों में मतदाताओं की संख्या पुनरीक्षण से पहले लगभग 18.71 करोड़ थी, जो घटकर 16.43 करोड़ रह गई। इस तरह कुल मिलाकर करीब 2.29 करोड़ मतदाताओं की कमी आई।

यूपी में सबसे ज्यादा कटे नाम

राज्यों में सबसे अधिक मतदाताओं वाले उत्तर प्रदेश में ही कुल गिरावट का लगभग 90 फीसद हिस्सा दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण में पुनरीक्षण कराया गया था। यहां मतदाताओं की संख्या पुनरीक्षण से पहले 15.44 करोड़ थी, जो मसविदा मतदाता सूची में घटकर 12.56 करोड़ रह गई और अंतिम मतदाता सूची में बढ़कर 13.40 करोड़ हो गई।

इस तरह मतदाताओं की शुद्ध संख्या में करीब 2.04 करोड़ यानी 13.24 फीसद की कमी आई, जो इन पांच राज्यों में सबसे अधिक है। मसविदा सूची से करीब 2.89 करोड़ नाम हटाए गए थे, जिनमें से लगभग 0.84 करोड़ (करीब 29 फीसद) नाम दोबारा शामिल किए गए।

पंजाब में SIR के कितने कटे नाम?

पंजाब में तीसरे चरण में पुनरीक्षण कराया गया था। यहां मतदाताओं की संख्या 2.15 करोड़ से घटकर मसविदा सूची में 1.94 करोड़ रह गई और अंतिम सूची में बढ़कर 2.01 करोड़ हो गई। इस तरह मतदाताओं की संख्या में करीब 0.14 करोड़ यानी 6.34 फीसद की शुद्ध कमी आई।

इन पांच राज्यों में पंजाब में हटाए गए नामों की सबसे अधिक वापसी दर्ज की गई। मसविदा सूची से हटाए गए करीब 0.21 करोड़ नामों में से लगभग 0.07 करोड़ (करीब 34 फीसद) नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल किए गए।

उत्तराखंड में कुल कितने मतदाता

उत्तराखंड में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण तीसरे चरण में हुआ था, मतदाताओं की संख्या 0.80 करोड़ से घटकर 0.71 करोड़ रह गई और नाम फिर से जोड़ने के बाद अंतत: 0.72 करोड़ हो गई। मतदाताओं की संख्या में कुल कमी लगभग 0.08 करोड़ या 10.07 फीसद रही।

मसविदा मतदाता सूची से हटाए गए नामों में से केवल लगभग 0.0025 करोड़ नाम ही दोबारा जोड़े गए, जो कुल हटाए गए नामों का करीब तीन फीसद है।

हिंसा प्रभावित मणिपुर की क्या है स्थिति?

मणिपुर में भी पुनरीक्षण तीसरे चरण में हुआ था। वहां मतदाताओं की संख्या 0.209 करोड़ से घटकर 0.193 करोड़ रह गई और अंत में 0.196 करोड़ हो गई। मतदाताओं की संख्या में कुल शुद्ध कमी लगभग 0.013 करोड़ या 6.33 फीसद रही, जो पंजाब के समान है। आंकड़ों के अनुसार, मसविदा मतदाता सूची से हटाए गए नामों में से करीब 17 फीसद नाम बहाल किए गए।

गोवा में कितनी रह गई मतदाताओं की संख्या?

गोवा में विशेष गहन पुनरीक्षण दूसरे चरण में हुआ था। वहां मतदाताओं की संख्या 0.1185 करोड़ से घटकर 0.1085 करोड़ रह गई और फिर और कम होकर 0.1058 करोड़ हो गई। गोवा में मतदाताओं की संख्या में कुल कमी लगभग 0.013 करोड़ या 10.76 फीसद रही।

अगले साल होने हैं चुनाव

उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 22 मई को समाप्त हो रहा है, जबकि 60 सदस्यीय मणिपुर, 40 सदस्यीय गोवा, 117 सदस्यीय पंजाब और 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में अलग-अलग तारीखों को समाप्त होगा। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रावधानों के तहत निर्वाचन आयोग को विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से छह महीने पहले भी चुनाव कराने की अनुमति है।

काटे गए नामों को लेकर निर्वाचन आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नामों को एक प्रक्रिया के तहत काटा गया है। इसका मतलब दिए गए पते पर नहीं मिलना, मृतक मतदाता, एक मतदाता का दो या अधिक जगह नाम और गैर कानूनी तरीके से सूची में नाम होना शामिल है।

पुनरीक्षण के दौरान 95.40 करोड़ मतदाताओं की मौके पर व डिजिटल तौर पर जांच की गई है। इनमें अपने पते पर नहीं मिलने वाले 3.01 करोड़ मतदाता, पुराना मकान या शहर छोड़ने वाले 6.30 करोड़ मतदाता, 2.80 करोड़ मृतक मतदाता, एक से अधिक जगह पर मिलने वाले 1.02 करोड़ मतदाता अन्य तकनीकी श्रेणी के तहत 26 लख मतदाता थे।

यह है हाल: नाम मतदाता सूची से गायब, अब पहचान भी नए सिरे से साबित करें | संपादकीय

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआइआर की प्रक्रिया जिस तरह अपने शुरुआती दौर से ही कई स्तर पर विवादों के घेरे में रही है, उसके मद्देनजर यह जरूरी है कि इस मसले पर एक ठोस स्पष्टता कायम हो। यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि एक भी पात्र मतदाता वोट देने के हक से वंचित न हो। पढ़िए पूरी खबर…