उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के आठ उम्मीदवार मंगलवार को लखनऊ में नामांकन दाखिल करेंगे। सभी उम्मीदवार सुबह 11 बजे विधान भवन पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। नामांकन से पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय में उम्मीदवारों का स्वागत किया जाएगा। पार्टी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए इन आठ नामों का ऐलान किया था।

भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, विद्यासागर सोनकर, राम प्रताप सिंह चौहान, प्रियंका सिंह रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडेय, श्रुति गंगवार और प्रकाश पाल शामिल हैं।

मौजूदा सांसदों को नहीं मिला टिकट

ध्यान देने वाली बात है कि इस बार भाजपा ने उत्तर प्रदेश से अपने किसी भी मौजूदा राज्यसभा सदस्य को दोबारा टिकट नहीं दिया है। इनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा भी शामिल हैं। पार्टी ने इस बार नए चेहरों और संगठन से जुड़े नेताओं पर भरोसा जताया है।

राज्यसभा की 10 सीटों के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा और उसी दिन वोटों की गिनती भी की जाएगी।

2027 के चुनाव की तैयारी का भी संकेत

गौर करने वाली बात है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन को सिर्फ ऊपरी सदन की राजनीति तक सीमित नहीं देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में उम्मीदवारों के चयन में जातीय, क्षेत्रीय और संगठनात्मक समीकरण भी दिखाई देते हैं। पार्टी ने तीन ओबीसी, दो दलित, दो ब्राह्मण और एक ठाकुर नेता को उम्मीदवार बनाया है। सूची में दो महिला उम्मीदवार भी हैं।

ओबीसी वर्ग से धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल और श्रुति गंगवार को जगह मिली है। वहीं विद्यासागर सोनकर और प्रियंका सिंह रावत दलित चेहरे हैं। राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडेय ब्राह्मण समुदाय से हैं जबकि राम प्रताप सिंह चौहान ठाकुर समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं।

समाजवादी पार्टी लगातार PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के सामाजिक समीकरण को लेकर राजनीति कर रही है। ऐसे में भाजपा की ओर से ओबीसी और दलित चेहरों को प्रतिनिधित्व देना उसके सामाजिक आधार को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है।

इसके साथ ही पार्टी ने बड़े राष्ट्रीय चेहरों के बजाय कई स्थानीय और संगठन से जुड़े नेताओं को मौका दिया है। इससे प्रदेश संगठन में लंबे समय से काम कर रहे नेताओं को प्रतिनिधित्व देने का संदेश भी जाता है।

राज्यसभा के लिए बीजेपी की आठ उम्मीदवारों की सूची में नए चेहरों को मौका देने के साथ जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाने की कोशिश दिखाई देती है। विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आई यह सूची पार्टी की 2027 की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भाजपा ने साधा सवर्ण समीकरण

बीजेपी की सूची में ओबीसी और दलित चेहरों की संख्या अधिक है। लेकिन पार्टी ने ब्राह्मण और ठाकुर प्रतिनिधित्व को भी बनाए रखा है। राजनीतिक विश्लेषण में इसे यूपी में अपने व्यापक सामाजिक आधार को संतुलित रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। खास तौर पर समाजवादी पार्टी के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के बीच बीजेपी की यह रणनीति महत्वपूर्ण हो जाती है।

क्षेत्रीय स्तर पर भी पार्टी ने अलग-अलग हिस्सों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है। उम्मीदवारों में पश्चिमी यूपी और ब्रज, रोहिलखंड, पूर्वांचल, कानपुर-बुंदेलखंड और प्रयागराज क्षेत्र से जुड़े चेहरे शामिल हैं।

यानी बीजेपी की राज्यसभा सूची में एक साथ तीन बातें दिखाई देती हैं- राज्यसभा के लिए नए चेहरों को मौका, संगठन के नेताओं को आगे बढ़ाना और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ओबीसी, दलित, ब्राह्मण और ठाकुर जैसे अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना।

यह भी पढ़ें: कौन हैं बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक? टीएमसी छोड़ थामा बीजेपी का दामन; राज्यसभा का लड़ेंगी चुनाव

बीजेपी ने रविवार को पश्चिम बंगाल से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया था। पार्टी ने बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक को अपना उम्मीदवार बनाया था जो पूर्व में टीएमसी में थीं। राज्यसभा का टिकट मिलने के बाद सोमवार को कोयल मल्लिक (रुक्मिणी मल्लिक) ने आधिकारिक रूप से भाजपा का दामन थाम लिया।