2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) से हारने के दो साल बाद अयोध्या एक बार फिर उत्तर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक-दूसरे को 2027 के विधानसभा चुनाव में अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।

राम मंदिर अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। यह फैजाबाद लोकसभा सीट के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। पिछले करीब तीन दशकों में इस सीट पर ज्यादातर समय भाजपा का कब्जा रहा है। लेकिन यहां पार्टी के वोट और जीत का अंतर घटता-बढ़ता रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट पर सपा की जीत के बाद अब भाजपा की चुनावी संभावनाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

इस हफ्ते की शुरुआत में अयोध्या में भागवत कथा में शामिल हुए अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर मुख्यमंत्री को अपनी जीत का भरोसा है तो उन्हें अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहिए।

शनिवार को योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को उनके खिलाफ चुनाव लड़ने का न्योता दिया। उन्होंने कहा, ”चलो, एक बार किस्मत आजमा लेते हैं। तय हो जाए। आप भी आइए, मैं भी आता हूं।”

हालांकि आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि अयोध्या उनके लिए आस्था का केंद्र है। यहां उनके दौरे का मकसद चुनाव लड़ना नहीं बल्कि अयोध्या का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री फिलहाल गोरखपुर शहरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। वहीं अखिलेश यादव 2022 में करहल से विधायक चुने गए थे। 2024 में कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद उन्होंने करहल विधानसभा सीट छोड़ दी थी।

अखिलेश यादव पर एक और तंज कसते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि मुकाबला राजनीतिक समर्थकों के जरिए नहीं बल्कि आमने-सामने होना चाहिए। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, उनका इशारा अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडे की ओर था। पवन पांडे ने ही उस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया था जिसमें अखिलेश यादव शामिल हुए थे।

पांडे (जिन्हें तेज नारायण पांडे के नाम से भी जाना जाता है) 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा की ओर से घोषित पहले उम्मीदवार हैं। 5 अगस्त को लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि पांडे अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे।

ब्राह्मण नेता पांडे ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर जमीन खरीद में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मंदिर में मिले चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा है।

भाजपा का घटता-बढ़ता चुनावी प्रदर्शन

पिछले आठ विधानसभा चुनावों के विश्लेषण से पता चलता है कि 2012 तक अयोध्या बीजेपी का मजबूत गढ़ रही। 2012 में समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार तेज नारायण पांडेय ने बीजेपी के दिग्गज नेता लल्लू सिंह को हराकर यह सीट जीत ली थी।

राम जन्मभूमि आंदोलन के चरम पर रहने के दौरान 1991 में बीजेपी को इस सीट पर सबसे ज्यादा वोट मिले थे। लल्लू सिंह को 51.3 प्रतिशत वोट मिले और उन्होंने 30400 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

बाबरी मस्जिद गिराए जाने के कुछ महीने बाद 1993 में भी लल्लू सिंह ने यह सीट बरकरार रखी। हालांकि, बीजेपी का वोट प्रतिशत घटकर 47.24 प्रतिशत रह गया और जीत का अंतर भी कम होकर 9238 वोट हो गया। पहली बार चुनाव लड़ रही सपा करीब 40% वोट हासिल करके दूसरे स्थान पर रही।

लल्लू सिंह लगातार चुनाव जीतते रहे लेकिन बीजेपी का वोट प्रतिशत धीरे-धीरे घटता गया। 1996 में यह 45.61%, 2002 में 38.72% और 2007 में करीब 37% रह गया।

2012 में मायावती के नेतृत्व वाली बीएसपी सरकार के खिलाफ नाराजगी के बीच सपा ने तेज नारायण पांडेय को मैदान में उतारा। पांडेय ने लल्लू सिंह को 5404 वोटों से हरा दिया। उन्हें 28.74% वोट मिले जबकि बीजेपी का वोट प्रतिशत घटकर करीब 26% रह गया।

2017 में बीजेपी ने इस सीट पर फिर जीत हासिल की। पार्टी के उम्मीदवार वेद प्रकाश गुप्ता को 49.56% वोट मिले। उन्होंने पांडेय को 50440 वोटों से हराया। गुप्ता ने 2022 में भी अपनी सीट बरकरार रखी। हालांकि बीजेपी का वोट प्रतिशत घटकर करीब 49% रह गया। वहीं जीत का अंतर भी 19990 वोटों तक सिमट गया जबकि पांडेय का वोट प्रतिशत बढ़कर 40.4% हो गया।

2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट शुरू होने के बावजूद बीजेपी को फैजाबाद सीट पर हार का सामना करना पड़ा। सपा के दलित नेता अवधेश प्रसाद ने लल्लू सिंह को हराया।

जातीय समीकरण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे

अयोध्या में जातीय समीकरण चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं। यहां दलित मतदाताओं की बड़ी संख्या है। इसके बाद ब्राह्मण मतदाता आते हैं। मुस्लिम और यादव समुदाय भी महत्वपूर्ण हैं जिन्हें पारंपरिक रूप से सपा का समर्थक माना जाता है। वहीं बीजेपी को कुछ सवर्ण जातियों के साथ कुर्मी, निषाद, मौर्य और राजभर जैसे ओबीसी समुदायों का समर्थन मिलता है।

बीजेपी के एक नेता ने कहा, ”मौजूदा सामाजिक समीकरणों को देखते हुए अयोध्या जैसी प्रतिष्ठित सीट पर चुनाव जीतना हमारी पार्टी के लिए चुनौतीपूर्ण है। यादव और मुस्लिम पारंपरिक रूप से सपा को वोट देते हैं। इसके अलावा, सपा ने स्थानीय ब्राह्मण उम्मीदवार को टिकट दिया है। इससे हमारे ब्राह्मण और दूसरे सवर्ण मतदाताओं के वोट बंट सकते हैं। यहां दलित मतदाताओं की भूमिका भी अहम होगी।”

फैजाबाद लोकसभा सीट हारने के बावजूद बीजेपी अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में 4667 वोटों से आगे रही थी। वहीं सपा ने बाकी चार विधानसभा क्षेत्रों- दरियाबाद, रुदौली, मिल्कीपुर और बीकापुर में बढ़त हासिल की थी।

लोकसभा चुनाव में हार के बाद अयोध्या में नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा तेज हो गई। इनमें अधूरे नाले और सड़क निर्माण के काम शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर बड़ी परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं लेकिन कुछ काम अब भी जारी हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में तेज नारायण पांडेय ने कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष तरीके से हुए तो सपा अयोध्या सीट जीत जाएगी।

उन्होंने कहा, ”लोकसभा चुनाव में अयोध्या में बीजेपी की बढ़त बहुत कम थी। लोग बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार, बुनियादी सुविधाओं की कमी और पार्टी नेताओं की वीआईपी संस्कृति से नाराज हैं। अधिकारी और प्रॉपर्टी डीलर जनता को लूट रहे हैं। बीजेपी सरकार विकास के झूठे दावे करती है।”

बीजेपी के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव की चुनौती को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख जानते हैं कि वह अयोध्या से चुनाव नहीं जीत सकते।

त्रिपाठी ने अयोध्या में 50000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं और दीपोत्सव समारोहों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी की जीत तय है। उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती दी कि वह या तो अयोध्या से चुनाव लड़ने का ऐलान करें या फिर अपने बयान के लिए माफी मांगें।