केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। शाह ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी पर दिल्ली में उनकी रैली पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है। शाह 258 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह के बाद चंडीगढ़ में एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
अमित शाह ने कहा, ”एक नवंबर को दिल्ली में राहुल गांधी का ‘जलसा’ सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।”
अमित शाह ने कहा कि दंगों में हजारों लोग मारे गए थे। केंद्रीय गृह मंत्री ने ‘एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन की आलोचना की।
आपका नंबर कभी नहीं लगना- शाह
शाह ने कहा कि ऐसे काले दिवस पर रैली आयोजित करने के लिए राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान से नफरत के अलावा कुछ नहीं निकला। शाह ने कहा, ”आपको प्रधानमंत्री बनना है तो पूरी जिंदगी प्रतीकात्मक संसद (मॉक पार्लियामेंट) में ही बैठे रहिए। आपका नंबर कभी नहीं लगना है।” शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ”झूठ बोलना, अराजकता फैलाना और संसद को काम नहीं करने देना, यही आपकी फितरत है।”
शाह ने कहा, ”जिस दिन सिखों का नरसंहार हुआ था, उसी दिन उन्हें रैली आयोजित करनी थी।” इंडिया गठबंधन ने कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘चलो दिल्ली’ रैली आयोजित की है।
यह भी पढ़ें- ‘जब जमीन ही नहीं बची तो अंगद का पैर कहां रखेंगे…’
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर तंज कसा, जिसमें उन्होंने कहा था यूपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
