पहले बदमाशों ने लड़की को अगवा करने की कोशिश की लेकिन जब वो नाकाम रहे तो उन्होंने उसकी नाक काट दी। यह घटना रविवार (29-12-2019) की है। पीड़ित लड़की गुरुग्राम के चक्करपुर गांव की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त दलित परिवार की यह लड़की अपने घर में ही थी। उसी वक्त उसे किडनैप करने के इऱादे से कुछ लोग उसके घर में दाखिल हुए।
लड़की को किडनैप करने की कोशिश करने वालों की पहचान गौरव यादव, आकाश यादव, सतीश यादव, मोनू यादव, औऱ लीलू यादव के रूप में हुई है। लड़की के भाई ने बताया कि ‘वो घर में अचानक घुसे हमलावरों से भिड़ गया जिसकी वजह से वो उसकी बहन को घर से बाहर खींच कर नही ले जा सके।’ बदमाशों ने पीड़ित लड़की के परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की। इसी दौरान दो बदमाशों ने मिलकर लड़की की नाक के एक हिस्से को धारदार हथियार से काट दिया।
लड़की के भाई दिवेन दयाल ने बताया कि ‘वो सभी गांव के दबंग हैं। वो अक्सर लोगों से मारपीट करते हैं औऱ फिर उनपर दबाव बनाकर केस भी नहीं होने देते। उनलोगों ने हमारे साथ भी ऐसा ही किया।’ गुरुग्राम के सेक्टर 29 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए दिवेन दयाल ने यह भी कहा कि ‘हमलोग डरे हुए हैं।’
लड़की के भाई ने यह भी बताया कि जब कुछ लोगों का झुंड उनके घर के अंदर घुसा था तब करीब 20 अन्य लोग उनके घर के बाहर खड़े थे। यह लोग पड़ोसियों को धमकी दे रहे थे कि वो उनकी मदद ना करें। इन लोगों की धमकी से डर कर उस वक्त कोई भी पड़ोसी उनकी मदद के लिए घर के अंदर नहीं घुस सका।
लड़की के भाई ने बताया कि उसकी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ करीब 10 मिनट तक यह मारपीट होती रही। इधर सेक्टर-29 थाने के पुलिस अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले की छानबीन के बाद आरोपियों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
