दिव्यांगजनों के लिए सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेना आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार 70 लाख अतिरिक्त क्यूआर कोड वाले विशिष्ट दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यूडीआईडी) कार्ड तैयार करने की योजना बना रही है। आवेदकों को यह प्रमाण पत्र कार्ड आवेदन के महज पंद्रह दिन के अंदर उनके पते पर पहुंचाने का लक्ष्य भी रखा गया है।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत आने वाला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने इस संदर्भ में काम करना शुरू भी कर दिया है। इसके लिए एजेंसी को चयनित करने का काम भी किया जा रहा है।
सरकार का जोर ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर है, जिसमें किसी दिव्यांग व्यक्ति की पहचान और दिव्यांगता से जुड़ी जानकारी एक मानकीकृत कार्ड के जरिए आसानी से सत्यापित की जा सके। इससे अलग-अलग सरकारी स्तरों पर लाभार्थियों की पहचान और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की निगरानी भी अधिक व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी।
एक कार्ड में होगी कई अहम जानकारियां
विशिष्ट दिव्यांगता प्रमाण पत्र कार्ड में लाभार्थी की कई महत्त्वपूर्ण जानकारियां एक ही जगह पर उपलब्ध होती हैं। कार्ड पर नाम, फोटो, नंबर, दिव्यांगता का प्रकार और फीसद, जन्म वर्ष, जारी होने की तारीख और वैधता जैसी जानकारी होती है।
इसके पीछे आधार नंबर, संबंधित प्राधिकरण का पता और क्यूआर कोड भी दिया जाता है। कार्ड का रंग भी दिव्यांगता की श्रेणी के हिसाब से दिया जाता है।
योजना का एक अहम हिस्सा कार्ड की तय समय पर डिलीवरी भी है। विभाग ने व्यवस्था में यह प्रावधान रखा है कि किसी भी समय कार्ड की छपाई और डिस्पैच 15 दिन से ज्यादा लंबित नहीं रहना चाहिए।
तैयार कार्ड नजदीकी डाकघर, राज्य समन्वयक या राज्य सरकार के संबंधित कार्यालयों के जरिए लाभार्थियों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके लिए लाभार्थियों का डेटा सुरक्षित और पासवर्ड के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी डेटा के आधार पर कार्डों को केंद्रीयकृत सुरक्षित केंद्र में व्यक्तिगत किया जाएगा। व्यवस्था में प्रिंटिंग रिक्वेस्ट से लेकर कार्ड तैयार होने और डाकघर को सौंपे जाने तक का रिकार्ड रखने की भी योजना है।
यह भी पढ़ें: आधार PVC कार्ड खो गया है? घर बैठे आसानी से करें ऑर्डर, जानें तरीका
आज के समय में आधार कार्ड सबसे जरूरी पहचान दस्तावेजों में से एक बन गया है। बैंक अकाउंट की केवाईसी हो, सिम कार्ड खरीदना हो या दूसरे कई जरूरी कामों में इसकी जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आपका आधार कार्ड खो जाए या खराब हो जाए, तो परेशानी हो सकती है।
अच्छी बात यह है कि UIDAI घर बैठे ऑनलाइन PVC आधार कार्ड मंगाने की सुविधा देता है। आप UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कुछ आसान स्टेप्स में नया PVC आधार कार्ड ऑर्डर कर सकते हैं…। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
