केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर यौन उत्पीड़न के एक मामले में वांछित आरोपी साजीर पल्लि मूप्पम को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत प्रत्यर्पित कराने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था। दिल्ली पुलिस को एक मामले में उसकी तलाश थी।

CBI के मुताबिक, आरोपी साजीर पल्लि मूप्पम पर 20 वर्षीय युवती के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। इस मामले में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर युवती को जबरन नशीला पदार्थ दिया था। इसके कारण युवती बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंच गई और अपना विरोध करने में असमर्थ हो गई।

आरोप है कि युवती की इस हालत का फायदा उठाकर आरोपी उसे एक होटल में ले गया। वहां उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए किसी तीसरे व्यक्ति के पहचान पत्र का इस्तेमाल करके होटल में चेक-इन किया। इसके बाद आरोपी ने युवती की सहमति के बिना उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। बाद में मेडिकल और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट में भी इस घटना से जुड़े साक्ष्यों की पुष्टि हुई।

मामले में दाखिल हो चुकी है चार्जशीट

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद सक्षम अदालत में विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोपी के फरार होने के बाद उसकी तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने CBI से संपर्क किया था।

दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर CBI ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। इसके बाद आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया और नई दिल्ली स्थित नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB) के अनुरोध पर UAE के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारत लाया गया आरोपी

CBI के अनुसार, UAE में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वहां के अधिकारियों ने आरोपी को भारत प्रत्यर्पित कर दिया। इस तरह CBI, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के आपसी समन्वय से आरोपी को भारत लाने में सफलता मिली। अब आरोपी को भारत लाया जा चुका है और उसे संबंधित मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भारतीय एजेंसियों को सौंपा गया है।

यह भी पढ़ें: महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में को-फाउंडर रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार, सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण के बाद मिली सफलता

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के को-फाउंडर और करोड़ों के गैर-कानूनी बेटिंग सिंडिकेट के मुख्य आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले से जुड़े अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इसे एक हफ़्ते के अंदर इस मामले में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।