पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के दो NCPI सांसद अबू ताहेर खान और खलीलुर रहमान ने शनिवार को राज्य सचिवालय नबन्ना में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। इससे पहले यह दोनों सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली में आयोजित ब्रेकफास्ट में शामिल हुए थे।
मुर्शिदाबाद के सांसद अबू ताहेर खान और जंगीपुर के सांसद रहमान सुबह करीब 11:30 बजे नबन्ना पहुंचे और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। एनसीपीआई सूत्रों के अनुसार, दोनों सांसदों ने मुर्शिदाबाद में मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन (SIR) से उत्पन्न समस्याओं से संबंधित मुद्दे भी उठाए।
यह बैठक खान, रहमान और बहरामपुर के सांसद यूसुफ पठान की राजनीतिक स्थिति को लेकर चल रही अटकलों के बीच हुई, क्योंकि इन तीनों मुस्लिम सांसदों ने अन्य एनसीपीआई सांसदों के साथ एनडीए की लगातार दो बैठकों में भाग नहीं लिया था। उनकी अनुपस्थिति ने तृणमूल कांग्रेस में संभावित वापसी की अटकलों को जन्म दिया था।
शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता रितब्रता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस के बागी विधायकों के एक समूह ने जो खुद को ‘असली तृणमूल’ बताते हैं। उन्होंने नबन्ना में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की और राज्य भर में एसआईआर अभ्यास से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
खान, रहमान और पठान ने इससे पहले पार्टी के भीतर असहमति व्यक्त की थी। जिससे उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। उन्होंने कहा था कि उन्होंने एनडीए की बैठकों में इसलिए हिस्सा नहीं लिया क्योंकि वे भाजपा के मुसलमानों के विरोध से कथित तौर पर असहज थे।
NDA सांसदों की बैठक में शामिल हुए थे खान और रहमान
शुक्रवार को मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग पर लगभग 40 एनडीए सांसदों के साथ एक बंद कमरे में बैठक की और सांसदों से विधायी अनुशासन बनाए रखने और संसद को लोकतंत्र के मंदिर के रूप में मानने का आग्रह किया।
एनसीपीआई के 20 सांसदों में से घाटाल के सांसद देव अधिकारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण अनुपस्थित थे। तृणमूल कांग्रेस से एनसीपीआई में शामिल हुए इन 20 सांसदों की स्थिति पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है।
मुर्शिदाबाद के सांसद अबू ताहेर खान ने ब्रेकफास्ट के बाद नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम भारत और बंगाल के सबसे प्रमुख अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधि हैं। राज्य में अल्पसंख्यकों पर कई तरह से अत्याचार और उत्पीड़न हो रहा है। देश के निर्वाचित मुखिया होने के नाते उन्हें इसकी जानकारी देना हमारा कर्तव्य था और हमने वही किया।
एनसीपी नेता काकोली घोष दस्तीदार ने मोदी द्वारा आयोजित नाश्ते के बाद कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि जो लोग पिछले 20 वर्षों से या एक वर्ष से भी एनडीए के साथ हैं, वे सभी परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि हम बंगाल और पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत को आगे ले जाने के उनके इरादे से हम वास्तव में प्रभावित हैं। वे सचमुच देश का विकास चाहते हैं।
बीरभूम से सांसद शताब्दी रॉय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हम सभी से बातचीत की। हममें से प्रत्येक से बात की। उन्होंने सभी से योगदान देने का आग्रह किया। वे हमारे विकास संबंधी विचारों और उन्हें लागू करने के तरीकों के बारे में भी जानना चाहते थे। मथुरापुर के सांसद बापी हल्दर ने कहा कि वे इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफार्मों सहित सोशल मीडिया पर मोदी के युवाओं को जोड़ने पर भाषण से काफी प्रभावित हैं।
अभिषेक बनर्जी फिर पहुंचे सुप्रीम कोर्ट
तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के 5 अगस्त के उस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रूख किया है। हाई कोर्ट ने उनकी आंखों के इलाज के लिए विदेश यात्रा की अनुमति मांगने वाली याचिका खारिज कर दी थी। हाल ही में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के संबंध में कथित रूप से भड़काऊ भाषण देने से जुड़े आपराधिक मामले में बनर्जी की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की शर्त के रूप में उच्च न्यायालय द्वारा विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगाया गया था। पढ़ें पूरी खबर।
