त्विषा शर्मा मामले में भोपाल कोर्ट ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने दोनों की अतिरिक्त कस्टडी की मांग नहीं की। इसी वजह से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया। बताया जा रहा है कि गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह भोपाल सेंट्रल जेल में रहेंगे। दोनों को अन्य कैदियों से अलग रखा जाएगा।
जानकारी के लिए बता दें कि सीबीआई की पहले चरण की जांच पूरी हो चुकी है। इस जांच में एजेंसी ने त्विषा की मौत से जुड़े तमाम पहलुओं पर पूछताछ की थी। हर घटना की क्रोनोलॉजी तैयार की गई थी और 12 मई की रात आखिर क्या हुआ था, इसकी भी पड़ताल की गई। कई तरह के डिजिटल फॉरेंसिक और फिजिकल एविडेंस को भी जांच में शामिल किया गया।
इस मामले में सबसे पहले कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन में दहेज के कारण मौत का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि जांच में कई तरह की लापरवाही सामने आने और सबूतों के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगने के बाद यह मामला सीबीआई को सौंप दिया गया।
हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को बदला
जब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज की थी, तब अदालत ने माना था कि ट्रायल कोर्ट गवाहों के बयानों को सही तरीके से नहीं समझ पाया था। साथ ही व्हाट्सऐप चैट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए चोट के निशानों पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया था।
फिलहाल सीबीआई इस मामले की जांच भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के तहत कर रही है। इसके अलावा मामले में दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 भी जोड़ी गई है।
गवाहों को डराया जा रहा?
वैसे इस मामले में गवाहों के को डराने-धमकाने के आरोप भी लगने लगे हैं। असल में त्विषा शर्मा मामले में सोमवार को सीबीआई ने घटनास्थल को दोबारा क्रिएट किया। इस दौरान त्विषा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास सहयोगी गिरिबाला सिंह से भी पूछताछ की गई। तब त्विषा शर्मा मामले में गवाह बने नीरज दुबे ने आरोप लगाया है कि समर्थ सिंह के दोस्तों ने उन्हें घेरकर धमकाया और उन पर हमला करने की कोशिश की। गवाह के मुताबिक, घटना 30 मई की है। उनका कहना है कि उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था ताकि वे अदालत में गवाही न दें या फिर अपने बयान से पलट जाएं।
घटना की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें कुछ लोग नीरज दुबे को घेरे हुए दिखाई दे रहे हैं। वे उनसे यह जानने की कोशिश कर रहे थे कि आखिर उन्होंने त्विषा शर्मा मामले में गवाह बनने का फैसला क्यों किया। घटना के तुरंत बाद नीरज दुबे कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- त्विषा मामले में गवाह पर हुआ हमला
