एक्ट्रेस-मॉडल त्विषा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में चोर घुस गए। उन्होंने कथित तौर पर सोने के गहने और सिंह व उनके बेटे समर्थ सिंह से जुड़े जरूरी कागजात वाली एक फाइल चुराने की कोशिश की। हालांकि, रात की रूटीन गश्त के दौरान पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर आरोपी चोरी का सामान वहीं छोड़कर भाग गए। एसीपी रजनीश कश्यप ने चोरी की कोशिश और सामान बरामद होने की पुष्टि की।
घटना के समय गिरिबाला सिंह के भाई घर पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि चोर घर के पिछले हिस्से से अंदर घुसे थे, इसलिए शुरू में किसी को उनके घुसने का पता नहीं चला। जब पुलिस की गश्ती टीम उस इलाके में पहुंची, तो संदिग्ध घबराकर भाग गए। पुलिस ने उनका पीछा किया लेकिन उन्हें पकड़ नहीं पाई।
बाद में अधिकारियों ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रविवार को दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ 30 जून तक न्यायिक हिरासत में
इस बीच, त्विषा शर्मा की मौत के मामले में गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह 30 जून तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे। 16 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हुई कोर्ट की सुनवाई के दौरान, गिरिबाला सिंह ने जेल में पूरे अखबार उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि उनके मामले से जुड़ी खबरें अखबारों से हटा दी जा रही थीं।
उन्होंने वकीलों से मिलने के लिए तय 20 मिनट की समय-सीमा को बढ़ाने और अपने कानूनी बचाव के लिए बेहतर तालमेल बिठाने के मकसद से अपने बेटे के साथ वकीलों से मिलने की इजाजत भी मांगी। बचाव पक्ष ने त्विषा शर्मा के बैंक अकाउंट, 7 लाख के कथित खर्च, मोबाइल टावर लोकेशन रिकॉर्ड और मामले से जुड़ी कार की चाबी की और जांच की भी मांग की।
त्विषा शर्मा मौत मामले की जांच जारी
एक्ट्रेस-मॉडल त्विषा शर्मा 12 मई 2026 को अपने घर पर मृत पाई गई थीं। उनकी मौत के बाद, उनके मायके वालों ने आरोप लगाया कि उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह उन्हें दहेज के लिए परेशान करते थे। इस मामले की जांच अभी भी जारी है।
यह भी पढ़ें: 10 घंटे से 10 दिन की देरी तक, सबूत इकट्ठा करने के नाम पर पुलिस की घोर लापरवाही
त्विषा शर्मा मामले में CBI ने अपनी पड़ताल शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ही भोपाल पुलिस पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि मौके से सबूत समय रहते जब्त नहीं किए गए। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस जिम्नास्टिक रोप का इस्तेमाल त्विषा ने खुद को लटकाने के लिए किया था, उसे भोपाल पुलिस घटना के करीब 10 घंटे बाद रिकवर कर पाई थी। इसके अलावा त्विषा का मोबाइल फोन और लैपटॉप भी देरी से जब्त किए गए। हैरानी की बात यह है कि CCTV फुटेज में त्विषा की गली में दिखाई दे रहे हेडफोन को भी पुलिस 10 दिन बाद जब्त कर पाई। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
