तमिलनाडु में टीवीके विधायक कनिमोझी संतोष ने कहा कि 2029 के लोकसभा चुनावों में पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ही प्रधानमंत्री पद के लिए पार्टी की पसंद होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला दिल्ली में नहीं, बल्कि तमिलनाडु की जनता करेगी। पीटीआई के अनुसार उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विजय को मुख्यमंत्री बनाया था, उसी तरह 2029 में भी वे विजय का हाथ थामकर उन्हें प्रधानमंत्री बनाएंगे।

टीवीके का यह बयान कांग्रेस नेताओं के उस दावे के बाद आया है जिसमें कहा गया था कि विजय ने राहुल गांधी को गठबंधन का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुना है। इस घटनाक्रम ने TVK और उसके सहयोगी दल के बीच कथित मतभेदों पर भी ध्यान खींचा है। कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता थाराहाई कुथबर्ट ने सोमवार को कहा था कि विजय ने शीर्ष पद के लिए राहुल गांधी का समर्थन करने का फैसला किया है।

कांग्रेस का क्या है रुख?

थाराहाई कुथबर्ट ने गठबंधन में नेतृत्व संघर्ष की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि विजय को प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश करने का अभियान मुख्य रूप से पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा चलाया जा रहा है और यह नेतृत्व का आधिकारिक रुख नहीं है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मुख्यमंत्री विजय ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुना है। वे इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”

कुछ दिन पहले पर्यटन मंत्री और कांग्रेस नेता एस. राजेश कुमार ने चेतावनी दी थी कि अगर टीवीके ने 2029 चुनावों के लिए विजय को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश करने का नैरेटिव जारी रखा, तो वे और उनके कांग्रेस सहयोगी विश्वनाथन (उच्च शिक्षा मंत्री) जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली कैबिनेट से इस्तीफा दे देंगे। पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए राजेश कुमार ने कहा, “अगर टीवीके की ओर से राहुल गांधी को 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं माना जाता है, तो तमिलनाडु सरकार में शामिल दोनों कांग्रेस मंत्री तुरंत अपने पदों से इस्तीफा दे देंगे और कैबिनेट से हट जाएंगे।”

2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद विजय और राहुल गांधी राजनीतिक रूप से काफी करीब नजर आए थे। चुनाव के बाद विजय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को धन्यवाद दिया और राहुल गांधी को अपना भाई बताते हुए अपनी सरकार को कांग्रेस के समर्थन को स्वीकार किया था।

यह भी पढ़ें: अस्पताल के बाद अचानक जेल का दौरा करने पहुंचे सीएम जोसेफ विजय, कैदियों का जाना हाल

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने शुक्रवार को सरकारी संस्थानों के औचक निरीक्षण का अपना सिलसिला जारी रखा। इस बार उन्होंने चेन्नई के बाहर स्थित भारत के सबसे बड़े जेल परिसरों में से एक पुझल सेंट्रल जेल का दौरा किया और कैदियों से बातचीत की। निरीक्षण के दौरान विजय ने कैदियों के लिए बुनियादी सुविधाओं, खाने की क्वालिटी, मेडिकल सुविधाएं और व्यावसायिक प्रशिक्षण का जायजा लिया और साथ ही कैदियों से उनकी जरूरतों के बारे में फीडबैक भी लिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…