तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके के चीफ सी जोसेफ विजय ने गुुरुवार सुबह 11 बजे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि राज्यपाल चाहते हैं कि तमिलनाडु में एक स्थिर सरकार बने। इसलिए टीवीके चीफ तभी शपथ ले सकते हैं, जब वो बहुमत के लिए नंबर साबित कर देंगे।

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि गुरुवार को गवर्नर हाउस पर विजय से पूछा गया कि वह 113 विधायकों (108 टीवीके और 5 कांग्रेस) के साथ सरकार कैसे चलाएंगे और अन्य कौनसी पार्टियां उन्हें समर्थन दे सकती हैं। उनसे भविष्य में साथ आने वाले दलों के बारे में भी सवाल किया गया।

रिपोर्ट में बताया गया है कि टीवीके ने यह संकेत दिए हैं कि उसे दो वाम दलों और दो क्षेत्रीय की तरफ से छह विधायकों के समर्थन की उम्मीद है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया है कि विजय फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार हैं। इस बीच टीवीके ने यह भी संकेत दिए हैं कि राज्यपाल को बाध्य करने के लिए कोर्ट का रुख नहीं करेगी।

आइए जानते हैं तमिलनाडु की राजनीति से जुड़े ताजा घटनाक्रम

विजय ने पार्टी विधायकों की मीटिंग बुलाई – न्यूज एजेंसी पीटीआई को एक सूत्र ने बताया कि टीवीके चीफ ने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की एक अहम बैठक बुलाई है। इस मीटिंग में सरकार गठन पर चर्चा की जाएगी।

शपथ से पहले विजय नहीं करेंगे सीएम के काफिले का इस्तेमाल – टीवीके ने गुरुवार को कहा कि विजय ने शपथ समारोह से पहले सीएम के काफिले का इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद उन्हें “प्रोटोकॉल के अनुसार” उपलब्ध कराए गए CM काफिले के वाहन लौटा दिए गए हैं।

AIADMK अपने विधायकों को पुडुचेरी ले गई – तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी सस्पेंस के बीच AIADMK अपने नव निर्वाचित विधायकों को पुडुचेरी ले गई है। AIADMK के प्रवक्ता कोवई सत्यन ने बुधवार को PTI से कहा कि पार्टी के विधायकों को पुडुचेरी में ठहराया गया है।

नेहरू इंंडोर स्टेडियम पर लटका ताला, वापस लौटे TVK समर्थक – गुरुवार को बड़ी संख्या में टीवीके समर्थक चन्नई में नेहरू इंडोर स्टेडियम पर जमा हुए। उन्होंने उम्मीद थी कि वो गुरुवार को अपने नेता सी जोसेफ विजय को सीएम के तौर पर देखेंगे।

हालांकि इसके उलट जब वह वहां पहुंचे तो स्टेडियम के गेट पर ताला लटका मिला। विजय की एक समर्थक चारूलता ने कहा कि वे विजय को शपथ लेते देखने के लिए आए थे लेकिन वहां कुछ नहीं था। उन्होंने कहा कि दरवाजे बंद थे। यह बहुत दर्द देने वाला है।

अभिषेक मनु सिंघवी बोले- राज्यपाल के पास कोई विकल्प नहीं

कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद अभिषेक मुन सिंघवी ने गुरुवार को कहा कि राज्यपाल को तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए। ANI से अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि राज्यपाल के पास सबसे बड़ी पार्टी को सरकार गठन के लिए बुलाने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।

यह भी पढ़ें: ‘विजय को सरकार बनाने दो’, नए गठबंधन की अटकलों के बीच स्टालिन का बयान

स्टालिन ने कहा कि सी जोसेफ विजय की सरकार बनाने दें। डीएमके अगले छह महीने तक बिना किसी हस्तक्षेप के नई सरकार को देखेगी। उसके बाद कोई फैसला लेगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।