तमिलनाडु के नवनिर्वाचित विधायक और टीवीके विधायक दल के नेता जोसेफ विजय ने पत्र लिखकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने का समय मांगा है और सदन में बहुमत साबित करने का अवसर देने के लिए अनुरोध किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले के कहा जा रहा कि टीवीके के चीफ विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

इधर एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को थैंक यू बोला है। साथ ही तमिलनाडु की जनता की भलाई के लिए साथ काम करने का आह्वान भी किया है।

राज्यपाल से मांगा समय

जोसेफ विजय ने तमिलनाडु लोक भवन को भेजे अपने पत्र में कहा कि टीवीके राज्य की 243 सीटों में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। साथ ही दावा किया कि इस कारण पार्टी को राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजभवन के सूत्रों ने बताया है कि राज्यपाल जल्द ही विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रण दे सकते हैं। आगे बताया कि राज्यपाल उन्हें सदन में अपना बहुमत साबित करने के लिए 7 से 15 दिनों का समय दे सकते हैं।

प्रधानमंत्री को क्यों बोला धन्यवाद?

टीवीके विजय ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके बधाई के लिए आपको धन्यवाद (थैंक यू)। हमारे लोगों की भलाई ही हमारा उद्देश्य मात्र है। राजनीति से ऊपर उठकर हम राज्य की प्रगति और तमिलनाडु के लोगों के कल्याण पर ध्यान देंगे। इस प्रयास में हम आपसे (केंद्र सरकार) सहयोग की उम्मीद रखते हैं।”

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार मई को एक्स पर एनडीए का समर्थन करने के लिए जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने आगे कहा, लोगों की समस्याओं को सुलझाने और उनके को बेहतर बनाने में हम तैयार हैं। आगे उन्होंने TVK को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु की प्रगति और वहां के लोगों की भलाई के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

राहुल गांधी को भी बोला धन्यवाद

टीवीके चीफ विजय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को भी धन्यवाद बोला। उन्होंने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, “संसद में नेता प्रतिपक्ष को उनके फोन कॉल और शुभकामनाओं के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। हम जनसेवा में उपलब्धि बनाए रखने और अपने राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रति हम पूरी तरह समर्पित रहेंगे, जिसके लिए सामूहिक सहयोग की जरूरत है। राजनीति से परे हम तमिलनाडु की जनता के कल्याण को पहली प्राथमिकता देंगे।”

रिजल्ट आने के थोड़ी देर बाद ही राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया था। पोस्ट में लिखा, “मैंने विजय भाई से फोन पर बात की और टीवीके के शानदार नतीजों के लिए उन्हें बधाई दी। यह जनादेश युवाओं की बढ़ती आवाज को दिखा रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और न ही किया जाएगा। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत और समर्थन के लिए मेरा तहे दिल से धन्यवाद। मैं फिर कह रहा हूं कि कांग्रेस दोनों राज्यों की जनता की रक्षा और सेवा करती रहेगी।”

यह भी पढ़ें: TVK विधायक दल के नेता चुने गए जोसेफ विजय, गठबंधन में शामिल होने पर कांग्रेस को मिल सकते हैं दो मंत्री पद

तमिलनाडु चुनाव में सबसे अधिक सीट लाकर अभिनेता से राजनेता बने जोसेफ विजय ने सबको हैरत में डाल दिया है। तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने इस चुनाव में 108 सीटें अपने नाम की हैं। मंगलवार को टीवीके प्रमुख विजय ने अपने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की, जिसमें वे विधायक दल के नेता चुने गए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें