तमिलनाडु में कौन बनेगा मुख्यमंत्री? 4 मई को चुनाव परिणाम आए और सी. जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके के सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में से 108 पर टीवीके ने जीत दर्ज की। विधानसभा में बहुमत के लिए 108 का आंकड़ा चाहिए। टीवीके के नवनिर्वाचित विधायकों ने 6 मई को विजय को विधायक दल का नेता चुना। बुधवार को विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

गुरुवार सुबह विजय एक बार फिर राज्यपाल से मिले। लेकिन अब खबर आई है कि विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की शपथ तभी ले सकते हैं जब उनके पास बहुमत का आंकड़ा हो।

सियासी गलियारों में हलचल तेज है और अब समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि विजय राज्य में तभी शपथ ले पाएंगे जब उनके पास बहुमत साबित करने के लिए पर्याप्त विधायक हों। तमिलनाडु के राज्यपाल प्रदेश में एक स्थाई सरकार चाहते हैं। उनका मानना है कि जैसे ही बहुमत साबित होगा, विजय शपथ ले सकते हैं।

लोक भवन के बाहर टीवीके प्रमुख विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनाने और उनके तुरंत शपथ ग्रहण की मांग करते हुए टीवीके समर्थकों ने प्रदर्शन किया। उनके के दो समर्थक लोक भवन के बाहर पोस्टर पकड़े हुए दिखाए दिए।

विजय को सरकार बनाने दें: स्टालिन

डीएमके प्रमुख स्टालिन ने कहा कि सी जोसेफ विजय की सरकार बनाने दें। डीएमके अगले छह महीने तक बिना किसी हस्तक्षेप के नई सरकार को देखेगी और उसके बाद कोई फैसला लेगी। स्टालिन ने संकेत दिया कि फिलहाल डीएमके राज्य में ना तो संवैधानिक संकट चाहती है और ना ही जल्द दोबारा चुनाव। उन्होंने कहा कि नई सरकार को उनकी सरकार की शुरू की गई योजनाओं को जारी रखना चाहिए और TVK के चुनावी वादों को भी पूरा करना चाहिए। हालांकि, विजय के महिलाओं को 2,500 रुपये देने के वादे पर उन्होंने कहा कि यह वादा निभाना उनके लिए मुश्किल होगा। उन्होंने कहा, ”कम से कम वो 1,000 रुपये तो दें, जैसा हमने दिया।”

कांग्रेस ने डीएमके से तोड़ा गठबंधन

कांग्रेस ने DMK से पुराना गठबंधन तोड़कर अपने पांच विधायकों का समर्थन टीवीके को देने का फैसला किया है। टीवीके ने विधानसभा चुनाव में अकेले 108 सीटें जीतीं। लेकिन विजय को अपनी दो जीती हुई सीटों में से एक छोड़नी होगी जिससे पार्टी का संख्याबल 107 ही रह जाएगा। 233 सदस्यीय सदन में बहुमत का आंकड़ा 117 है। DMK के पास 59 और AIADMK के पास 47 सीटें हैं। दोनों को मिलाकर संख्या 106 होती है।