Tripura Politics: त्रिपुरा (Tripura) में 16 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शुक्रवार (27 जनवरी, 2023) को इसको लेकर चर्चा हुई। पीएम नरेंद्र मोदी (PM MODI) भी इसमें मौजूद रहे। उधर आज ही त्रिपुरा से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक मोबोशर अली (CPIM MLA Moboshar Ali) भाजपा में शामिल हो गए। यह भाजपा के लिए बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रही है और पार्टी का संगठन मजबूत होगा।
अली के अलावा तृणमूल कांग्रेस के नेता व कांग्रेस के पूर्व विधायक सुबल भौमिक ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में इन दोनों नेताओं ने भाजपा के त्रिपुरा प्रभारी महेश शर्मा, पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए भाजपा के समन्वयक संबित पात्रा, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी और त्रिपुरा में भाजपा के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मोबोशर अली कैलाशहर से माकपा के वर्तमान में विधायक हैं
मोबोशर अली त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के कैलाशहर से माकपा के वर्तमान विधायक हैं। इस अवसर पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने से राज्य में भाजपा का संगठन मजबूत होगा और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी। दोनों नेता भाजपा में ऐसे दिन शामिल हुए हैं, जब त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई।
बता दें, त्रिपुरा विधानसभा चुनाव को लेकर सीपीएम (CPM) ने 25 जनवरी को उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। इसमें सीपीएम ने कांग्रेस के लिए केवल 13 सीटें छोड़ी। कांग्रेस कम से कम 19 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि सीपीएम ने कांग्रेस को केवल 13 सीटें दी हैं। इस वजह से गठबंधन का पेंच फंस गया है।
त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर 16 फरवरी को होगा मतदान
त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 16 फरवरी को मतदान होना है। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 30 जनवरी है। मतों की गिनती दो मार्च को होगी। भाजपा ने 2018 में माकपा के 20 साल के शासन को समाप्त करते हुए त्रिपुरा में पहली बार अपनी सरकार बनाई थी।