केरल के एक यात्री को ट्रेन का टिकट रद्द करने पर रिफंड में एक रुपये कम मिले। इसके बाद उसने IRCTC के खिलाफ उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई। अब लंबी कानूनी लड़ाई के बाद यात्री को राहत मिली है। कासरगोड जिला उपभोक्ता आयोग ने IRCTC को एक रुपये ब्याज सहित लौटाने और 3100 रुपये अतिरिक्त भुगतान करने का आदेश दिया है।

उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष कृष्णन के व सदस्य बीना केजी ने सेवा में कमी (lack of service) के लिए 100 रुपये मुआवजा और मुकदमे के खर्च के तौर पर 3000 रुपये देने का निर्देश दिया।

आयोग ने अपने आदेश में कहा कि IRCTC को टिकट रद्द होने की तारीख यानी 17 अगस्त 2024 से एक रुपये पर 9 फीसदी सालाना ब्याज के साथ रकम लौटानी होगी। इसके अलावा 100 रुपये मुआवजा और 3000 रुपये मुकदमे का खर्च भी शिकायतकर्ता को देना होगा। यह भुगतान 30 दिनों के भीतर करना होगा।

एक रुपये का रिफंड देने का आदेश

शिकायतकर्ता ने 11 अगस्त 2024 को 553 रुपये में एसी थर्ड एसी का ट्रेन टिकट बुक किया था। इस टिकट पर उसे 20 अगस्त को यात्रा करनी थी। उसने 17 अगस्त को यात्रा की तारीख से 48 घंटे से ज्यादा पहले टिकट रद्द करा दिया। शिकायत के मुताबिक, IRCTC ने टिकट कैंसिल करने पर 180 रुपये शुल्क और 5 फीसदी GST यानी 9 रुपये काटे। आयोग ने रिकॉर्ड के आधार पर माना कि यात्री को 341 रुपये वापस मिलने चाहिए थे। लेकिन IRCTC ने केवल 340 रुपये लौटाए। इस तरह रिफंड में एक रुपये की कमी रह गई।

इसके बाद यात्री ने जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि एक रुपये कम मिलने से उसे उलझन और मानसिक परेशानी हुई और उसका भरोसा भी टूटा। इस मामले में उसने एक लाख रुपये मानसिक परेशानी और उलझन के लिए, एक लाख रुपये भरोसा टूटने के लिए व 5000 रुपये मुकदमे के खर्च और बकाया एक रुपये लौटाने की मांग भी की।

IRCTC ने आयोग के सामने अपना पक्ष रखा। लेकिन समय-सीमा समाप्त होने के कारण आयोग ने उसे खारिज कर दिया। आयोग ने कहा कि IRCTC ने एक रुपये काटने की कोई वजह नहीं बताई। यात्री को पूरी रकम वापस न करना सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार है। इसलिए कंपनी को बकाया राशि लौटाने के साथ मुआवजा भी देना होगा।

आदेश में आयोग ने कहा, ”सिर्फ इसलिए कि एक रुपये कम दिए गए, इस तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। शिकायतकर्ता 100 रुपये मुआवजे का हकदार है। इसके अलावा उसे मुकदमे के खर्च के तौर पर 3000 रुपये भी दिए जाने चाहिए।”

आयोग ने शिकायत को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए IRCTC को एक रुपये वापस करने, 100 रुपये मुआवजा देने और 3000 रुपये मुकदमे का खर्च चुकाने का निर्देश दिया। कंपनी को आदेश मिलने के 30 दिनों के भीतर भुगतान करना होगा।

इस मामले से क्या सीख मिलती है?

रिफंड में एक रुपये की कमी भी सेवा में कमी मानी जा सकती है। सेवा देने वाली कंपनियों की जिम्मेदारी है कि वे ग्राहकों को उनकी पूरी बकाया रकम लौटाएं।

उपभोक्ता संबंधी शिकायतों के लिए लोग अपने राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की उपभोक्ता हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं। केरल में इसके लिए 1800-425-1550 नंबर जारी किया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के नंबर 1915 पर भी मदद ली जा सकती है।