West Bengal News: पश्चिम बंगाल में हाल की राजनीतिक उठापटक के बाद तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के बागी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इन नेताओं को गद्दार कहा और आरोप लगाया कि वे भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रहे हैं।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने सवाल किया कि जो बागी नेता तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर 2026 का विधानसभा चुनाव लड़े थे, वे कुछ ही महीनों में पार्टी के खिलाफ कैसे हो सकते हैं।

कभी-कभी चुप्पी शब्दों से ज्यादा कुछ कह जाती- ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “मैं उन पार्टी सदस्यों के प्रति अपना समर्थन और आभार व्यक्त करती हूं जो पार्टी के साथ बने रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से मेरे सहयोगी और पार्टी के प्रवक्ता सार्वजनिक रूप से बयान दे रहे हैं, लेकिन मैं चुप रही हूं। कभी-कभी चुप्पी शब्दों से ज्यादा कुछ कह जाती है।”

बीजेपी पर चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान सत्ताधारी पार्टी ने वोट लूटे थे। उन्होंने आरोप लगाया, “लोगों के लिए काम करने के बजाय, वे परेशानी और दहशत पैदा कर रहे हैं। हमारे कार्यकर्ताओं पर झूठे और बेबुनियाद मामले दर्ज किए जा रहे हैं।”

बागी गुट पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा कि जिन नेताओं ने टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, उनका अब यह कहना कि पार्टी बेकार हो गई है, विरोधाभासी है। उन्होंने पूछा, “अगर ऐसा था, तो उन्होंने पार्टी के टिकट पर 2026 का चुनाव कैसे लड़ा?”

ममता बनर्जी ने कहा, “पार्टी का चुनाव सिंबल मैंने ही दिया था। 2026 के चुनावों के लिए आपके नॉमिनेशन पेपर्स पर मैंने ही साइन किए थे। चुनाव के दो महीने के अंदर ही आप गद्दार कैसे बन गए? इसकी भी कोई हद होती है।” बागी नेताओं पर बीजेपी के हित में काम करने का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, “वे गद्दार बीजेपी की मर्जी के हिसाब से काम कर रहे हैं। मैं उनसे कहूंगी कि वे सीधे जाकर बीजेपी में शामिल हो जाएं। टीएमसी की विचारधारा बीजेपी-विरोधी है।” उन्होंने आगे कहा, “याद रखिए, मैं अभी जिंदा हूं।”

बनर्जी ने बागियों द्वारा कार्यालय पर कब्जा करने के मुद्दे पर भी बात की। ममता बनर्जी ने कहा, “कल तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में जाकर ताला लगाने वालों से मैं यह कहना चाहती हूं, हमने वह कार्यालय किराये पर लिया था। हमें अक्टूबर 2027 तक के लिए पट्टे पर दिया गया था। कोई व्यक्ति पार्टी छोड़ सकता है, लेकिन संस्था का अस्तित्व समाप्त नहीं होता। यह पार्टी की संपत्ति है। कोई भी ‘मां, माटी, मानुष’ की संपत्ति को जबरदस्ती नहीं छीन सकता।”

अभिषेक और महुआ मोइत्रा पर हुए हमले की निंदा की

बनर्जी ने यह भी दावा किया कि अभिषेक बनर्जी और महुआ मोइत्रा समेत टीएमसी नेताओं पर हमले हुए हैं, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी एकजुट रहेगी। उन्होंने कहा, “पार्टी का चुनाव चिह्न कहीं नहीं जाएगा। अगर कोई मुझे रोकना चाहता है, तो उसे मुझे मारना होगा।”

राज्य के राजनीतिक हालात पर चिंता जताते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि कामकाज पीछे छूट गया है। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में यह नया कल्चर देखकर दुख होता है। बच्चों को मिड-डे मील में अंडे नहीं मिल रहे हैं, जबकि पुलिस का गलत इस्तेमाल हो रहा है।” बागी नेताओं की आलोचना करते हुए बनर्जी ने कहा कि कई लोगों को पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने कहा, “मैं पार्टी छोड़ने वालों को दोष नहीं देती। मुझे पता है कि वे दबाव में हैं। लेकिन न तो मैं और न ही मेरी पार्टी बीजेपी के सामने झुकेगी।”

यह भी पढ़ें: टीएमसी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने छोड़ी पार्टी, ममता बनर्जी को एक और झटका

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल में पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी छोड़ दी और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…