तृणमूल कांग्रेस में जारी घमासान के बीच शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने शरद पवार की एनसीपी (SP) समेत अन्य क्षेत्रीय दलों के कांग्रेस में विलय की वकालत की थी। जिसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना नेता पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिनका इन पार्टियों से कोई लेना-देना नहीं है, वही सबसे ज्यादा बयानबाजी कर रहे हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा, “अन्य छोटी पार्टियों (टीएमसी/एनसीपी, एसपी ) के कांग्रेस में विलय की सबसे ज्यादा चर्चा करने वाला व्यक्ति न तो कांग्रेस से है और न ही उन अन्य छोटी पार्टियों से। लेकिन यह व्यक्ति (संजय राउत की ओर इशारा करते हुए) बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना की तरह है।”

इस बारे में आगे बोलते हुए फड़नवीस ने कहा, “विलय के बारे में मैं बस इतना ही कहूंगा कि इन सभी क्षेत्रीय पार्टियों का नेतृत्व राजनीतिक रूप से समझदार है और वे डूबते जहाज पर सवार नहीं होंगे क्योंकि कांग्रेस डूबती हुई नाव है। अगर यह विलय हो भी जाता है तो हमें कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि इससे हमें और अधिक राजनीतिक स्थान मिलेगा।”

समझदार नेता डूबते जहाज पर सवार नहीं होंगे- फड़नवीस

तृणमूल कांग्रेस और शरद पवार की पार्टी के कांग्रेस में विलय की अटकलों के बारे में बात करते देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि समझदार नेता डूबते जहाज पर सवार नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है और ये समझदार नेता हैं। वे डूबते हुए जहाज पर सवार नहीं होंगे।

कीर्ति आजाद बोले- भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’

टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अब तक पार्टी को विभाजित करने के प्रयास विफल रहे हैं।

कीर्ति आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राज्यसभा सदस्य प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे और भाजपा नेता निशिकांत दुबे के दिल्ली स्थित आवास के बाहर उनकी मीडिया से बातचीत को पार्टी को कमजोर करने की कोशिश बताया। इसके साथ ही कीर्ति ने बागी तृणमूल सांसदों की केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर हुई बैठक और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के तृणमूल सांसद शताब्दी रॉय के घर जाने को पार्टी को कमजोर करने की ‘संगठित कोशिश’ का प्रमाण बताया। आजाद ने कहा, ”गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में ऑपरेशन लोटस चल रहा है।”

यह भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी नहीं, सिर्फ ममता बनर्जी मेरी नेता- शत्रुघ्न सिन्हा 

तृणमूल कांग्रेस सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी के संकटपूर्ण दौर में अपनी नेता ममता बनर्जी के प्रति पूरी निष्ठा जताई है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मैं ममता बनर्जी के साथ था, साथ हूं और साथ रहूंगा। फिलहाल मेरा किसी और दिशा में जाने का कोई इरादा नहीं है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें