Petrol-Diesel Price Hike: पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है। इसका सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ रहा है। शुक्रवार की सुबह देश के महानगरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। इसको लेकर अब तृणमूल कांग्रेस पार्टी की सांसद सायोनी घोष ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है।

सायोनी घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “तोहफा तोहफा तोहफा तोहफा लाया लाया लाया… पेट्रोल/डीजल की कीमत में बढ़ोतरी! कोलकाता में आज से ताजा रेट; पेट्रोल 108.74/- प्रति लीटर डीजल 95.13/- प्रति लीटर। जीत गए बंगाल, अब कर देंगे कंगाल।”

आपके वोट को लूटते हैं- डेरेक ओ ब्रायन

तृणमूल कांग्रेस के अन्य सांसद डेरेक ओ ब्रायन भी बीजेपी सरकार पर हमलावर रहे। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “पहले वे आपके वोट को लूटते हैं, फिर आपको वहीं चोट पहुंचाते हैं जहां सबसे ज्यादा दर्द होता है। यह बेहद दुखद और पहले से ही पता चलने वाली बात है। डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढ़ा दी गई हैं। क्या अब बंगाल सरकार पेट्रोल और डीजल पर VAT कम करेगी? अब तो दिल्ली द्वारा नियंत्रित सरकार है, जिसे केंद्र द्वारा फंड रोके जाने की चिंता करने की जरूरत नहीं है।”

पीएम मोदी के विदेश दौरे को लेकर सागरिका घोष ने कसा तंज

सागरिका घोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे को लेकर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मोदीनॉमिक्स कैसे काम करता है: जब वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें कम हों, तो इसका लाभ उपभोक्ताओं तक न पहुंचाएं। जब चुनाव चल रहे हों, तो ऊर्जा संकट पर एक शब्द भी न कहें। चुनाव खत्म: ईंधन की कीमतें बढ़ा दी गईं। इस बीच, फ़्रीक्वेंट फ़्लायर नरेंद्र मोदी ठंडी जलवायु वाले विदेशी स्थानों पर छुट्टियां मनाने जा रहा हूं। जनता त्रस्त। पीएम मस्त।”

पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चल रहे घटनाक्रमों के चलते देश में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये पहुंच गई। वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपये पहुंच गई है।
वहीं अब बात कोलकाता की करें तो यहां पर पेट्रोल 108.74 रुपये हो गया है और डीजल 95.13 रुपये पहुंच गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…