पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद पार्टी में हलचल है। चुनाव के दौरान टीएमसी के लिए आक्रामक प्रचार करने वाली सांसद सायोनी घोष ने भी पार्टी की हार पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी की हार बताया।
ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने कहा, “हम हारे नहीं हैं बल्कि ममता बनर्जी को हराया गया है। ममता बनर्जी को वोटों की चोरी और लूट के जरिए हराया गया है। 2029 में बंगाल की जनता, पूरे देश की जनता और 2031 में पश्चिम बंगाल की मां, माटी और मानुष उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।” हार के बाद टीएमसी की क्या रणनीति होगी इस सवाल के जवाब में सायोनी ने कहा कि यह मैं आपको क्यों बताऊँ, यह पार्टी की अपनी स्टैटेजी है।
इससे पहले जादवपुर लोकसभा सीट से सांसद सायोनी ने शुभेंदु अधिकारी के सीएम पद की शपथ लेने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करे हुए शुभेंदु और बीजेपी पर तंज भी कसा था। उन्होंने इस दौरान धर्म जाति से ऊपर उठकर बंगाल के लोगों के लिए काम करने की अपील की थी।
सायोनी घोष की शुभेंदु अधिकारी से अपील
सायोनी घोष ने पोस्ट में लिखा था, बंगाल के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के साथ ही मेरी आशा है कि वे शपथ का पालन करेंगे। उन्हें और उनकी सरकार को बंगाल के हर नागरिक की सेवा करनी होगी, चाहे वे किसी भी जाति, धर्म या भाषा के हों, जिन्होंने उन्हें वोट दिया हो या न दिया हो। उन्हें बंगाल के समग्र विकास और समृद्धि के बारे में कही गई बातों को अमल में लाना होगा।” घोष ने आगे लिखा था, “हर भविष्य अतीत की नींव पर बनता है और अगर दिल सच्चा न हो तो दिखावा टिकता नहीं और मुखौटा उतर जाता है। बंगाल इस पर कड़ी नजर रखेगा। जय बांग्ला, जय हिंद।”
कौन हैं ममता बनर्जी की फायरब्रांड ‘स्टार प्रचारक’ सायोनी घोष
टीएमसी से सांसद सायोनी घोष चुनाव प्रचार के दौरान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं। सायोनी घोष की रैलियों में बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ती थी। सायोनी घोष की रैलियों में देखा गया कि जब भी वह हेलीकॉप्टर या गाड़ी से कहीं जाती थीं, तो बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने और मिलने के लिए आते थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
