TMC Internal Crisis: टीएमसी में बड़ी फूट के बीच बगावती सांसदों के गुट की नेता काकोली घोष दस्तीदार की तरफ से लगातार ये दावा किया गया कि उनके गुट में 20 सांसद हैं। इनमें से कई ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर पर हुई एक बैठक में हिस्सा भी लिया था। इन बागवती सांसदों के लिस्ट में एक नाम सांसद प्रतिमा मंडल का भी बताया गया था, जबकि अब उन्होंने इन सारे दावों को खारिज किया है। प्रतिमा मंडल ने कहा है कि वे अपने क्षेत्र के लोगों और ममता बनर्जी के साथ हैं।

प्रतिमा मंडल ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि उनका नाम बगावती सांसदों की लिस्ट में होने की खबर झूठी है। उन्होंने कहा, “मेरे क्षेत्र की जनता को लगता है कि मैं टीएमसी के घास फूल वाले चिन्ह पर जीती हूं, तो मैं उसे क्यों तोड़ूंगी।” उन्होंने कहा कि वे 2029 तक कहीं नहीं जाने वाली हैं।

मैं दिल्ली नहीं गई- प्रतिमा मंडल

प्रतिमा मंडल ने कहा, “मैं आपके माध्यम से यह बोलना चाहती हूं, मैं कोलकाता में ही हूं। 4 तारीख मेरा एस्टीमेट कमिटी की 11 बजे मीटिंग थी। मैं 4:20 का फ्लाइट से कोलकाता आईं हूं। उस 4 तारीख के बाद मैंने दिल्ली गई भी नहीं।”

प्रतिमा मंडल ने कहा, “मैं कहीं नहीं गई हूं। मैं कोलकाता में हूं और जो लोग यह झूठी खबर फैल रहें हैं।” उन्होंने बागी गुट को लेकर कहा, “अगर आपके पास सभी लोग हैं, तो आप उनकी लिस्ट या तस्वीरें सार्वजनिक क्यों नहीं कर रहे हैं?” टीएमसी सांसद ने कहा कि उनका बागी सांसदों वाली लिस्ट में नाम नहीं हैं और न ही उन्होंने किसी प्रस्ताव पर हस्ताक्षऱ किए हैं।

लोगों को गुमराह करने के आरोप

टीएमसी सांसद प्रतिमा मंडल ने कहा कि मीडिया में उनका नाम गलत चल रहा है और उनके क्षेत्र के लोगों को गुमराह भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि वे अपने क्षेत्र के लोगों के साथ 2029 तक हैं और ममता बनर्जी के साथ हैं।

बता दें कि टीएमसी के 20 बागी सांसदों के गुट वाली लिस्ट सायोनी घोष से लेकर शत्रुघ्न सिन्हा तक का नाम होने के दावे किए गए हैं। हालांकि अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: ‘दीदी’ तय करें अभिषेक को रखेंगी या मुझे छोड़ेंगी… टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने ममता बनर्जी को दी चेतावनी

टीएमसी को फिर से एक बड़ा झटका लगा है। अब टीएमसी से सांसद और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के करीबी कल्याण बनर्जी ने पार्टी छोड़ने की धमकी दी है। कल्याण बनर्जी, अभिषेक बनर्जी से नाराज चल रहे हैं। उन्होंने ममता बनर्जी से यह तक कह दिया है कि या तो अभिषेक बनर्जी को रखिए या फिर मुझे छोड़ दीजिए। उन्होंने कहा कि मुझे जो कहना है, मैंने ‘दीदी’ से कह दिया है। पढ़ें पूरी खबर…