प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वह पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चलते पेट्रोल और डीजल को बचाए। उन्होंने कहा कि बेहद जरूरी होने पर ही गाड़ियों का इस्तेमाल करें। पीएम मोदी ने अगले 1 साल तक सोना ना खरीदने की भी सलाह दी और कहा कि विदेश यात्रा से भी बचना चाहिए। हालांकि टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने इसको लेकर पीएम मोदी पर तंज कसा है।

महुआ मोइत्रा ने पीएम मोदी पर कसा तंज

महुआ मोइत्रा ने X पर एक पोस्ट में पीएम मोदी पर तंज कसते हुए लिखा, “नरेंद्र मोदी नागरिकों से विदेश यात्रा न करने, सोना न खरीदने, तेल, उर्वरक और ईंधन का उपयोग कम करने की अपील कर रहे हैं। सरकार ने पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा करने से इनकार कर दिया और आज हमें ज्ञान दे रही है। त्याग और जिम्मेदारी सिर्फ आम नागरिकों की है। श्रेय सिर्फ मोदीजी को मिल रहा है। वाह!”

महुआ ने आगे कहा कि राज्य चुनाव में जहां मामूली भाजपा नेता ने हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया, वहीं मोदी-शाह 100 कारों के काफिले में यात्रा करते दिखे। हालांकि चुनाव अब खत्म हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नागरिकों से खाना पकाने के तेल, उर्वरक और ईंधन का उपयोग कम करने और विदेश यात्रा न करने की अपील कर रहे हैं। वहीं वे खुद इस सप्ताह पांच देशों की यात्रा पर निकल रहे हैं।

पीएम मोदी ने क्या कहा था?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, “वैश्विक संकट के इस दौर में हमें कर्तव्य को सर्वोपरि मानते हुए संकल्प लेना होगा और उसे पूर्ण समर्पण के साथ निभाना होगा। एक बड़ा संकल्प है पेट्रोल और डीजल का कम से कम उपयोग करना। हमें पेट्रोल और डीजल के उपयोग को कम करना होगा। मेट्रो लाइन वाले शहरों में हमें केवल मेट्रो से ही यात्रा करने का निर्णय लेना चाहिए। यदि हमें कार का उपयोग करना ही पड़े, तो हमें कारपूलिंग करने का प्रयास करना चाहिए। इलेक्ट्रिक वाहनों वाले लोगों को इनका अधिक से अधिक उपयोग करने का प्रयास करना चाहिए। कोरोना काल में हमने घर से काम करने, ऑनलाइन बैठकों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की कई प्रणालियाँ विकसित कीं और हम इनके अभ्यस्त भी हो गए। आज समय की मांग ऐसी है कि यदि हम इन प्रणालियों को फिर से शुरू करते हैं, तो यह राष्ट्रहित में होगा।”

पीएम मोदी ने कहा कि हमें विदेशी मुद्रा की बचत पर भी विशेष जोर देना चाहिए, क्योंकि वैश्विक स्तर पर पेट्रोल और डीजल बहुत महंगे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल खरीदने पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा को बचाना हमारी जिम्मेदारी है। पीएम मोदी ने कहा, “मध्यम वर्ग में विदेश में शादियों, विदेश यात्रा और विदेश में छुट्टियां मनाने की संस्कृति तेजी से बढ़ रही है। हमें हमने फैसला किया है कि इस संकट के समय में हमें कम से कम एक साल के लिए विदेश यात्रा स्थगित कर देनी चाहिए।”

(यह भी पढ़ें- DMK से गठबंधन टूटने पर पीएम मोदी का निशाना)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने तमिलनाडु में कांग्रेस-द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) गठबंधन टूटने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। पढ़ें पूरी खबर