TMC के लोकसभा सांसद कीर्ति आजाद और पार्टी से राज्यसभा सांसद सागरिका घोष रविवार शाम को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने ओम बिरला को अभिषेक बनर्जी का एक पत्र सौंपा है कि टीएमसी के अंदर दो गुट नहीं बनाया जा सकता है, यह असंवैधानिक है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके पास अपॉइंटमेंट है तो सांसद कीर्ति आजाद ने कहा, “अगर सर हमें समय देंगे, तो हम जाएँगे। नहीं तो, सूचना मिलने के बाद हम चले जाएँगे।” इसके बाद वे ओम बिरला से मिले और वापस लौटने पर दोनों सांसदों ने मीडिया के बात की।

संविधान का उल्लंघन करके कोई अलग नहीं हो सकता- कीर्ति आजाद

पत्र लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को सौंपने के बाद TMC सांसद कीर्ति आजाद ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमने एक पत्र दिया है कि संविधान के अनुरूप पार्टी का कोई भी अलग नहीं हो सकता, संविधान का उल्लंघन करके कोई अलग नहीं हो सकता।”

आगे उन्होंने कहा, “मैंने स्पीकर को बता दिया है कि ये लोग अनाधिकृत हैं, ये जिस तरह से काम कर रहे हैं वह असंवैधानिक है। ये लोग जो रहे हैं वह गलत है, जिस थाली में खाया, उसी में छेद किया, ये तो भावनात्मक बात हो गई, लेकिन संविधान के अनुरूप और सुप्रीम कोर्ट का भी फैसला है कि एक पार्टी में अलग समूह नहीं हो सकता, राजनीतिक दल के साथ ही जाना है। यह लोकसभा अध्यक्ष को देने आए थे।”

लोकसभा में अलग गुट नहीं बना सकते- सागरिका घोष

सांसद सागरिका घोष ने कहा, “हमने चिट्ठी दी है, तृणमूल कांग्रेस एक पार्टी है और इस तरह के आप लोकसभा के अंदर एक अलग गुट नहीं बना सकते। यह गैर संवैधानिक है। संविधान इसको मान्यता नहीं देता है। यह कानून के विपरीत है। इस तरह करके आप (बागी नेता) अपनी नैतिक कमजोरी दिखा रहे हैं कि जब पार्टी हार जाती है तो उसी पार्टी को छोड़ रहे हैं, जिस नेता की अगुवाई में आप चुनकर आए उसी नेता को छोड़ रहे हैं।”

सोमवार को ओम बिरला से मिलेंगी काकोली घोष

इधर टीएमसी की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया है कि उनके नेतृत्व वाले बागी गुट की संख्या 19 से बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से अलग संसदीय गुट के रूप में मान्यता की मांग करेंगी।

दिल्ली रवाना होने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए काकोली घोष ने कहा, अब हमारी संख्या 22 हो गई है। स्पीकर ने हमें समय दिया है। सोमवार को हम अलग संसदीय गुट के तौर पर मान्यता की मांग करेंगे। हालांकि उन्होंने साथ जुड़ने वाले अन्य सांसदों के नाम नहीं बताए।

यह भी पढ़ें: ‘सही समय आने पर ही बोलूंगी’, ममता बनर्जी के साथ बगावत के सवाल पर आया सायोनी घोष का रिएक्शन

ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस यानी टीएमसी के 20 बागी सांसद सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलेंगे। बागी गुट खुद को ‘असली TMC’ के तौर पर मान्यता देने की मांग करेगा। इस गुट में शामिल सांसद सायोनी घोष और माला रॉय रविवार को दिल्ली पहुंची। सायोनी घोष ने अपने बागी होने पर कहा कि सब कुछ बाद में पता चलेगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें