Yusuf Pathan News: पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ पठान के ससुराल वालों को मंगलवार को मुंबई में एक परिवार के तीन सदस्यों पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस बात की जानकारी मुंबई पुलिस ने दी है। पठान के ससुर, साले और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चौथा आरोपी अभी भी फरार है।

बायकुला पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे यूसुफ खान घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी से पानी उछलकर पठान के रिश्तेदार शोएब खान पर गिर गया। यूसुफ खान ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और शोएब से माफी मांगी। हालांकि, शोएब ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बांस की छड़ी से कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद, शोएब ने कथित तौर पर यूसुफ खान पर हमला किया।

यूसुफ खान ने शिकायत में क्या दावा किया

यूसुफ खान ने अपनी शिकायत में दावा किया कि वह घर लौट आया और उसके परिवार वालों ने उसे पुलिस में घटना की रिपोर्ट करने की सलाह दी। उसने आगे दावा किया कि वह अपने परिवार वालों के साथ मामला दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन जा रहा था, तभी उसकी मुलाकात यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान से हुई। उन्होंने अपने बेटे उमरशाद, शोएब और चौथे संदिग्ध शाहबाज पठान के साथ मिलकर झगड़ा शुरू कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खालिद, उमरशाद, शोएब और शाहबाज ने बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से यूसुफ खान और उसके रिश्तेदारों पर हमला किया। अधिकारी ने आगे बताया कि यूसुफ खान के बहनोई सलमान के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसके चाचा जाकी अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए।

उमरशाद खान ने भी दर्ज कराई शिकायत

पुलिस ने मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में चारों सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने खालिद, उमरशाद और शोएब संडे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शाहबाज अभी भी फरार है। उन्हें कोर्ट में पेश कर 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसी बीच, उमरशाद खान ने बायकुला पुलिस स्टेशन में एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई। इसमें उन्होंने यूसुफ खान पर अपने और अपने रिश्तेदारों पर हमला करने का आरोप लगाया। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

खालिद खान और उनके परिवार की ओर से माजगांव अदालत में पेश हुए बचाव पक्ष के वकील दयानंद डेरे ने कहा, “मैंने अपने मुवक्किलों की जमानत याचिका अदालत में दाखिल कर दी है और मंगलवार को इस पर बहस हुई। अदालत ने दोनों पक्षों की बात सुन ली है और बुधवार को फैसला सुनाया जाएगा।”

हुमायूं कबीर को दीदी ने निकाला तो क्या बोले यूसुफ पठान?

हुमांयू कबीर को टीएमसी ने निलंबित कर दिया है। टीएमसी द्वारा हुमांयू कबीर के खिलाफ लिए गए एक्शन को पार्टी के बहरामपुर से सांसद यूसुफ पठान ने सही बताया है। उन्होंने मुर्शिदाबाद में आयोजित रैली के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि दीदी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वो समाज को समाज को विभाजित करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेंगी। पढ़ें पूरी खबर…