टीएमसी नेता जहांगीर खान को पश्चिम बंगाल पुलिस ने ‘जबरन वसूली’ के आरोप में उत्तरी बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया है।जहांगीर खान के खिलाफ 24 परगना जिले के फाल्टा पुलिस थाने में 7 FIR दर्ज हैं।

कलकत्ता हाई कोर्ट ने 26 मई को जहांगीर खान को मिली अस्थायी कानूनी सुरक्षा हटा दी थी। इसके बाद सोमवार को पश्चिम बंगाल पुलिस ने उन्हें भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह नहीं बताया है कि जहांगीर खान की गिफ्तारी कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।

फाल्टा से टीएमसी उम्मीदवार थे जहांगीर खान

जहांगीर खान को टीएमसी ने फाल्टा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। जहांगीर खान पश्चिम बंगाल चुनाव में उस समय चर्चा में आए जब राज्य में चुनाव पर्यवेक्षक बनाकर भेजे गए IPS अजय शर्मा द्वारा दी गई चेतावनी के जवाब में जहांगीर खान ने खुद को पुष्पा बताया। 

फाल्टा विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद वहां दोबारा पोलिंग करवाई गई। फाल्टा में पोलिंग से दो दिन पहले ही जहांगीर खान ने चुनाव मैदान से हटने का ऐलान कर दिया। वह चुनाव में चौथे नंबर पर रहे।

जहांगीर खान के कार्यालय में तोड़फोड़

जहांगीर खान की गिरफ्तार के बाद फाल्टा में आक्रोशित स्थानीय लोगों ने उसके कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ की। अधिकारियों ने बताया कि जहांगीर खान के कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई जिसमें भीड़ ने खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और कई कमरों में फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच शुरू करेगी। कार्यालय के अंदर राहत सामग्री के कई पैकेट भी कथित तौर पर पाए गए, जिससे लोगों का आक्रोश और भड़क गया। स्थानीय लोगों ने जहांगीर खान और उनके सहयोगियों पर सामग्री रोककर रखने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि यह सामग्री जरूरतमंदों में वितरण के लिए थी।