TMC Internal Crisis: चुनाव आयोग ने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (AITC) के भीतर चल रहे नेतृत्व संबंधित आंतरिक विवाद में आधिकारिक तौर पर हस्तक्षेप करते हुए ममता बनर्जी और ऋतब्रता बनर्जी को नोटिस भेजा है। दोनों ही नेताओं से पार्टी की संगठनात्मक संरचना और अधिकृत हस्ताक्षरकर्ताओं को लेकर उनके परस्पर विरोधी दावों पर जवाब मांगा गया है।
इस संबंध में चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को सोमवार, 6 जुलाई को शाम 5:30 बजे तक अपने जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। बता दें कि चुनाव आयोग ने यह कदम पार्टी के भीतर गहराते मतभेद के बीच उठाया है। गौरतलब है कि टीएमसी के आंतरिक विवाद में विधायक ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला गुट पार्टी के चिन्हों और प्रशासन पर वैधता का दावा कर रहा है।
विश्वसनीयता पर उठाए थे सवाल
चुनाव आयोग द्वारा अलग हुए गुट से बातचीत करने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने प्रतिद्वंद्वी गुट की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऋतब्रत बनर्जी को पहले ही पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है।
सौगत रॉय ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, “इन लोगों की कोई विश्वसनीयता नहीं है। हमारा सवाल यह है कि इन्हें अलग से बैठक क्यों कराई गई? इन्हें अनुमति नहीं दी जानी चाहिए थी। ऋतब्रता बनर्जी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इन्हें क्या अधिकार है, या ये पार्टी का प्रतिनिधित्व कैसे कर सकते हैं?”
सागरिका घोष ने क्या दिए तर्क
टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने प्रतिद्वंद्वी गुट को निष्कासित सदस्य के नेतृत्व वाला एक अवैध समूह बताकर खारिज कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईसीआई नियमों के तहत, केवल अधिकृत पार्टी हस्ताक्षरकर्ताओं को ही पार्टी का प्रतिनिधित्व करने या आयोग से मिलने का कानूनी अधिकार है।
सागरिका घोष ने कहा, “यह कोई गुट नहीं है। ये तो बस कुछ लोग हैं जो अचानक कहीं से इकट्ठा हो गए हैं। इनके ‘स्व-घोषित नेता’ को पार्टी से पहले ही निष्कासित किया जा चुका है। आयोग के अपने नियमों के अनुसार, केवल पार्टी का अधिकृत प्रतिनिधि या नामित हस्ताक्षरकर्ता ही आयोग को पत्र लिख सकता है और उनसे मिल सकता है। कोई और मिलने का समय नहीं मांग सकता।”
दूसरी ओर टीएमसी के बगावती गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ चुनाव आयोग की बेंच से मुलाकात की है। इस बैठक के बाद उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा दी गई धैर्यपूर्वक सुनवाई पर संतोष व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग पहुंचा TMC का बागी गुट, ECI चीफ ज्ञानेश कुमार से मिलकर सिंबल पर जताया हक
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने TMC के 10 विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल साथ गुरुवार को चुनाव आयोग से मुलाकात की। यह मुलाकात पार्टी निधि के स्वामित्व को लेकर थी। प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थिति चुनाव आयोग के मुख्यालय में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ से मुलाकात की। पढ़िए पूरी खबर…
