West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल की मुख्य विपक्षी पार्टी टीएमसी लगातार चुनौतियों का सामना कर रही है क्योंकि बीजेपी के अलावा टीएमसी में आंतरिक टकराव भी बढ़ रहा है। इसके संकेत एक बार फिर मिले हैं। पार्टी के 80 विधायकों को मीटिंग के लिए बुलाया गया। ममता बनर्जी के लिए झटके की बात यह रही कि इस मीटिंग में 60 विधायक मीटिंग्स में नहीं पहुंच सके।

मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि टीएमसी हाईकमान काफी चिंता में है, जबकि टीएमसी के सूत्रों की तरफ से कहा गया कि टीएमसी नेताओं अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हुए हमलों के बाद नेता व्यस्त थे। हालांकि, इसे एक कमजोर स्पष्टीकरण के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि पार्टी के सांसद से लेकर पार्षद तक, लगातार इस्तीफों के जरिए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की मुसीबत बढ़ा रहे हैं।

विधायक दल की बैठक रद्द

तृणमूल कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, विधायक दल के नेता शोवंदेब चट्टोपाध्याय द्वारा ममता बनर्जी के कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर बुलाई गई बैठक कम उपस्थिति के कारण रद्द कर दी गई। केवल 20 विधायक ही उपस्थित हुए। अनुपस्थित विधायकों से संपर्क किया गया, लेकिन उनसे कोई बातचीत नहीं हो सकी।

टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा है किि जो विधायक बैठक में नहीं आए, वे पार्टी के दो दिग्गज नेताओं अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हुए हमलों के मद्देनजर व्यस्त थे।

कुणाल घोष ने लगाए आरोप

ANI के मुताबिक, कुणाल घोष ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस विधायक दल की बैठक निर्धारित थी। कल हमारे अखिल भारतीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ। इसके बाद कई विधायकों और नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन किया। आज हमारे वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी पर भी हमला हुआ।”

कुणाल घोष ने कहा, “पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले रही है।हम फिलहाल बैठक स्थगित कर रहे हैं। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान करती है कि अभिषेक बनर्जी, कल्याण बनर्जी और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं पर हुए हमले के विरोध में 1 जून को सभी वार्डों और ब्लॉकों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 2 जून को ममता बनर्जी रानी रश्मोनी रोड पर विरोध प्रदर्शन करेंगी।”

‘गिरफ्तार किए गए सभी TMC के पूर्व सदस्य’, TMC से निलंबित नेता ने किया दावा

पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर टीएमसी से निलंबित नेता रिजु दत्ता ने बयान दिया है। उन्होंने कहा घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया लेकिन साथ ही कुछ सवाल भी खड़े किए हैं। पढ़िए पूरी खबर…