जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और उधमपुर जिलों में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम को किश्तवाड़ के बर्फ से ढके चतरू क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया, जबकि दो अन्य इससे पहले बुधवार सुबह उधमपुर जिले में मारे गए।
सुरक्षा बलों को यह सफलता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय दौरे से पहले मिली है।
किश्तवाड़ क्षेत्र में आतंकवादियों की खोज और उनके खात्मे के लिए घने जंगलों और दुर्गम इलाकों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान कई मुठभेड़ें हुई हैं।
सांबा बॉर्डर पर ड्रोन दिखते ही BSF की फायरिंग
बुधवार शाम लगभग 5.45 बजे किश्तवाड़ के दिच्छर क्षेत्र में ‘काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स डेल्टा’, व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों द्वारा संचालित संयुक्त अभियान (त्राशी-1) में सुरक्षा बलों का आतंकवादियों से सामना हुआ।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बताया, ”एक आतंकवादी को सफलतापूर्वक मार गिराया गया है। अभियान जारी है।” अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ फिर से तब शुरू हुई जब एक संयुक्त दल चिंगम जंगल के संजिनाला-दिच्छर में तलाशी अभियान पर था।
अबू मविया और जुबैर को किया ढेर
उधमपुर में, मंगलवार शाम को एक गुफा में फंसे दो पाकिस्तानी आतंकवादी रुबानी उर्फ अबू मविया और उसके करीबी साथी जुबैर को 20 घंटे लंबे अभियान में मार गिराया गया। बुधवार को जब सुरक्षा बलों ने गुफा पर धावा बोला तो जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। एक आतंकवादी का शव गुफा के मुहाने पर पड़ा मिला, जबकि दूसरे का शव गुफा के अंदर पड़ा हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को शाम करीब चार बजे रामनगर-बसंतगढ़ क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में गहन तलाशी अभियान के दौरान सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त बलों ने आतंकवादियों का पता लगाया, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई।
सेना ने 20 घंटे से अधिक समय तक चले इस अभियान को ‘किया’ नाम दिया और कहा कि यह अभियान समाप्त हो चुका है लेकिन इलाके की निगरानी की जा रही है।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने X पर एक पोस्ट में कहा, ”पुलिस से मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर ‘काउंटर इंटेलिजेंस फोर्स डेल्टा’ और ‘व्हाइट नाइट कोर’ के जवानों ने पुलिस तथा सीआरपीएफ के साथ मिलकर बसंतगढ़ के जाफर जंगल में एक संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान चलाया। इस दौरान घेराबंदी को मजबूत किया गया ताकि आतंकवादी भाग न सकें।”
हथियार और गोला-बारूद बरामद
व्हाइट नाइट कोर ने कहा कि सुनियोजित कार्रवाई के बाद दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। इस अभियान में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सामरिक सटीकता और उच्च स्तर की पेशेवर क्षमता देखने को मिली।” अधिकारियों ने बताया कि मारे गये आतंकवादियों के पास से एक एम4 कार्बाइन और एक एके असॉल्ट राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- कश्मीरी नेता सज्जाद लोन ने की जम्मू से अलगाव की मांग
