दिल्ली पुलिस ने बुधवार को विपक्ष के प्रदर्शन के सिलसिले में तीन एफआईआर दर्ज की हैं। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में और भी एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। इन एफआईआर में पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने, धक्का-मुक्की और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी से जुड़ी अलग-अलग धाराएं लगाई गई हैं। अब तक दर्ज एफआईआर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम भी शामिल हैं।
आपको बता दें कि यह कार्रवाई बुधवार को हुए उस प्रदर्शन के बाद हुई जब INDIA ब्लॉक के सांसदों को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर जाने से रोक दिया था। विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रहे थे। वे मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं का विरोध कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई सांसदों को हिरासत में लिया गया था। राहुल गांधी को बाराखंभा रोड पुलिस स्टेशन ले जाया गया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेड के गेट को खोलने की कोशिश करते हुए राहुल गांधी भी नजर आए थे।
राहुल ने बनाया विक्ट्री साइन
बाद में हिरासत में लिए जाने के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया की ओर हाथ हिलाया और विजय का संकेत (V sign) दिखाया था।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी हिरासत में लिया गया और उन्हें छत्रसाल स्टेडियम पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वह जमीन पर लेटी हुई नजर आईं। बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे सांसदों के साथ पुलिस ने बल का इस्तेमाल किया।
पुलिस वाहन से संविधान की एक प्रति दिखाते हुए प्रियंका गांधी ने पत्रकारों से कहा, ”इस देश में संविधान की क्या कीमत रह गई है? हम संविधान के लिए अपनी जान तक दे देंगे। हमारे लिए इससे बड़ी कोई कीमत नहीं है।”
‘सड़कों पर उतरते रहेंगे’
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और INDIA ब्लॉक संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतरते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे गिरफ्तारी देने और कानूनी मामलों का सामना करने के लिए भी तैयार हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ”संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी और विपक्ष जितनी बार जरूरत होगी, सड़कों पर उतरने, गिरफ्तारी देने और कानूनी मामलों का सामना करने के लिए तैयार हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार और चुनाव आयोग के बीच गठजोड़ अब सामने आ चुका है। राहुल गांधी ने इस्तीफे और कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जनता के जोश के सामने कोई भी अहंकारी सरकार लंबे समय तक नहीं टिक सकती। राहुल गांधी ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, विपक्ष अपना प्रदर्शन जारी रखेगा।
राहुल गांधी को हिरासत में लेने के बीच समझें ‘गिरफ्तारी’ और ‘हिरासत’ का फर्क, क्या हैं नागरिकों के अधिकार?
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियां हुई हैं। 2 अक्टूबर से दिल्ली पुलिस सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले चुकी है। इनमें वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी शामिल हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि कानून की नजर में हिरासत क्या होती है? पुलिस किसी व्यक्ति को कब हिरासत में ले सकती है? हिरासत और गिरफ्तारी में क्या अंतर है? और कानून हिरासत में लिए गए व्यक्ति को कौन-कौन से अधिकार देता है?
