उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार रात उज्जैन एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास खांड गांव क्षेत्र में रात करीब 9:30 बजे ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था।

शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रेन की नियमित मेंटेनेंस के दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद पूरे ट्रेन के मूवमेंट को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

रेलवे पुलिस ने भीड़ को हटाया

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के करीब ढाई घंटे बाद तक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग रेलवे ट्रैक पर जमा हो गए थे। बाद में सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

रेलवे विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सासाराम-पटना पैंसेंजर ट्रेन में आग

बता दें कि बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर भी सोमवार को रेल हादसा हुआ था। यहां खड़ी सासाराम-पटना पैंसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे में अचानक आग लग गई थी। हालांकि गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

सीपीआरओ सरस्वती चंद्रा के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्लेटफॉर्म नंबर छह पर खड़ी सासाराम-पटना पैंसेजर ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं निकलता दिखाई दिया जिसके तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि करीब आधे घंंटे के भीतर आग बुझा ली गई। आग कैसे लगी, इसकी जांच की जाएगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…