पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में ऑटो यूनियन ने किराया बढ़ाने की मांग की है। ऑटो यूनियन ने अपनी मांग के पक्ष में राजधानी में तीन दिन की हड़ताल की चेतावनी भी दी है। ऑटो यूनियन द्वारा दी गई हड़ताल की चेतावनी पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर तंज कसा है।

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, “ऑटो चालक, ट्रक यूनियन हड़ताल कर रहे हैं। सब लोग परेशान हैं पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने से। मुझे लग रहा है कि मोदी जी की गलती नहीं है इसमें, हम लोगों से ही समझने में गड़बड़ हो गई है, ऑटो वाले भाइयों से और ट्रक वाले भाइयों से समझने में गड़बड़ हो गई।”

GDP का जिक्र कर पीएम मोदी पर कसा तंज

उन्होंने कहा, “मोदी जी ने तो पहले ही कहा था कि जीडीपी बढ़ाएंगे। G से गैस, D से डीजल और P से पेट्रोल… बढ़ा तो दी जीडीपी, रोज बढ़ा रहे हैं जीडीपी। गैस पेट्रोल डीजल के दाम रोज बढ़ रहे हैं।”

अनुराग ढांडा ने कहा, “मुझे लगता है कि मोदी जी ने घोषणा करके पहले ही कहा था कि हम दाम बढ़ाएंगे, रोज बढ़ाएंगे और खूब बढ़ाते जाएंगे। ये हमसे समझने में गलती हो गई, हमसे चूक हो गई चुनने में, लोगों से चूक हो गई चुनने में।”

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि अगर लोगों को ये अंदाजा होता कि पीएम नरेंद्र मोदी की जीडीपी का मतलब गैस, डीजल और पेट्रोल  है तो वे इन्हें न चुनते। उन्होंने कहा कि लोगों को ये नहीं पता था कि वे पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम अथाह बढ़ा देंगे। इतना बढ़ा देंगे कि लोग खरीद न पाएं। इतना परेशान कर देंगे कि लोगों को सड़क पर चल न पाए।

पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी पर क्या बोली बीजेपी?

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को टाला नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया संकट का सामना कर रही है। पश्चिम एशिया में जारी संकट खत्म होने के कोई संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में तेल की कीमतों में इजाफा होना स्वभाविक है।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में पेट्रोल 400 रुपये के करीब, डीजल के भाव में भी जबरदस्त बढ़ोतरी

पाकिस्तानी मीडिया वेबसाइट Dawn की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने की शुरुआत में पाक में पेट्रोल की कीमत 137.24 पाकिस्तान रुपया (PKR)प्रति लीटर और डीजल 184.49 PKR प्रति लीटर बढ़ाई गई थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें