पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि अब सरकारी स्कूलों में नए भर्ती होने वाले शिक्षक राजनीति में शामिल नहीं हो सकेंगे। बुधवार को कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। यह नियम सिर्फ नए शिक्षकों पर लागू होगा। पहले से नौकरी कर रहे शिक्षकों पर नया नियम लागू नहीं होगा।

कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस नियम को स्कूल सर्विस कमीशन की भर्ती प्रक्रिया में भी शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ”पहले वामपंथी सरकार और फिर तृणमूल कांग्रेस ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद किया। वे बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहते थे। हम शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना चाहते हैं।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब नए भर्ती होने वाले शिक्षक लोकसभा, नगर निकाय या पंचायत चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। हालांकि, शिक्षक संगठनों ने इस फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि इससे शिक्षकों की अभिव्यक्ति की आजादी प्रभावित होगी।

शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पहले से राजनीति में सक्रिय शिक्षकों के अधिकारों में कटौती नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, ”जो लोग पहले से राजनीति से जुड़े हैं, उनके अधिकारों पर रोक नहीं लगाई जा रही है। लेकिन भविष्य में शिक्षक बनने वाले लोग सीधे तौर पर राजनीति में शामिल नहीं हो सकेंगे। कैबिनेट के फैसले के आधार पर इस नियम को स्कूल सर्विस कमीशन की भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है।”

60 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पिछले कुछ कैबिनेट बैठकों में करीब 60 हजार नए पदों पर भर्ती का रास्ता तैयार किया गया है।

बुधवार को हुई बैठक में पशु संसाधन, स्वास्थ्य, नगर निकाय, शहरी विकास, अग्निशमन सेवा, महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण समेत कई विभागों में करीब 1200 नए पदों को मंजूरी दी गई।

अधिकारी ने कहा कि इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और इसके लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

ममता के करीबी पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी पर बोले CM शुभेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और ममता के काफी करीबी नेता इंद्रनील सेन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर दुर्गा पूजा से जुड़े शो और विशेष वीआईपी पास बेचने में 50 से 60 करोड़ रुपये गबन करने का आरोप है।

टीएमसी नेता के गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता और इंद्रनील सेन एक-दूसरे के पूरक हैं। पुलिस ने सबूतों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया है।