बीते मंगलवार को गुजरात सरकार ने पाकिस्तान से भारत आए 158 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के सर्टिफिकेट सौंपे। इन लाभार्थियों में से 126 वो लोग हैं, जिन्हें CAA के तहत नागरिकता दी गई है जबकि 32 लाभार्थियों को जिला कलेक्टर दफ्तर के जरिए रजिस्टर किया गया था।
इन लोगों में 31 साल की राजनंदिनी भी शामिल हैं। राजनंदिनी तीन बच्चों की मां हैं। उनके पति की कोविड त्रासदी के दौरान मौत हो गई। साल 2008 में 50 – 60 लोगों के साथ पाकिस्तान के कराची से भारत आने वाली राजनंदिनी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बातचीत में बताया कि शुरुआत में लोग उन्हें संदेह की नजरों से देखते थे।
राजनंदिनी ने बताया, “वो कहते थे कि हम पाकिस्तान से आए हैं और आतंकवादी हो सकते हैं। कोई भी हमें घर किराये पर नहीं देता था और हमने बारिश के कई दिन बिना छत के बिताए।”
उन्होंने बताया कि कोविड में पति राजेंद्र उर्फ बाबर की मौत के बाद कई लोगों ने उन्हें पाकिस्तान वापस जाने की सलाह दी क्योंकि भारत में उनका कोई रिश्तेदार नहीं था। नंदिनी बताती हैं कि उन्होंने लोगों की सलाह को नजरअंदाज कर सिलाई का काम करते हुए अपने बच्चों की परवरिश कर रही हैं और अब उन्हें भारतीय नागरिकता मिल गई है।
अभी भी पाकिस्तान में रहता है परिवार
राजनंदिनी के माता-पिता, उनकी आठ बहनें और तीन भाई सिंध प्रांत के पूर्वी कराची का चनेसर गोठ इलाके में रहते हैं। वे कहती हैं, “मैंने कभी पाकिस्तान वापस जाने के बारे में नहीं सोचा क्योंकि यहां हालात चाहे कितने भी बुरे क्यों न लगें, बॉर्डर के उस पार हालात इससे भी ज्यादा बुरे हैं… मैं कराची वापस जाकर अपने बच्चों की जिंदगी बर्बाद नहीं करना चाहता।”
पूनम गिहारा बोलीं- अब सुनने पड़ते हैं ताने
अहमदाबाद के ऑडिटोरियम में बैठी अपनी 22 साल की बेटी केसर और दामाद के साथ बैठी 35 साल की पूनम गिहारा को उम्मीद है कि अब उन्हें भी भारतीय नागरिकता मिल जाएगी। पूनम पाकिस्तान के सिंध के हैदराबाद के काली रोड की रहने वाली हैं। अब इस जगह का नाम बदल कर हाली रोड कर दिया गया है। काली रोड में हिंदुओं की अच्छी खासी आबादी है।
पूनम साल 2013 में 70 लोगों के ग्रुप के साथ थार एक्सप्रेस ट्रेन से भारत आई थीं। इनमें ज्यादातर उनके परिवार के लोग थे। इससे पहले उनके कई रिश्तेदार साल 2008 में पाकिस्तान से भारत आए थे। थार एक्सप्रेस साल 2006 से साल 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच चलती थी। इसका संचालन राजस्थान के जोधपुर शहर में भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से पाकिस्तान के कराची कैंटोनमेंट के बीच किया जाता था।
पूनम बताती हैं, “हमने जीरो पॉइंट पार किया और फिर मुनाबाओ (राजस्थान) पहुंचे। वहां से हम जोधपुर गए, फिर अहमदाबाद में बसने से पहले एक हफ़्ते तक दिल्ली के एक गुरुद्वारे में रहे।” वह बताती हैं कि पाकिस्तान से भारत आने के बाद उन्हें लगातार ताने सुनने के लिए मिले। पूनम कहती हैं, “हमें बहुत ताने सुनने पड़े और आज भी सुनने पड़ते हैं। यहां तक कि बच्चे भी बेझिझक हमारे मुंंह पर हमें पाकिस्तानी कह देते हैं। हम इस पर झगड़ने के बजाय इसे नजरअंदाज करने की कोशिश करते हैं।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय नागरिकता मिलने से लोगों का उनके प्रति नजरिया बदल सकता है, तो उन्होंने कहा, “हमें कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है। कुत्ते तो भौंकते ही रहेंगे, हम इससे परेशान नहीं हो सकते।”
बचपन में ही हो गई शादी
अहमदाबाद में राजनंदिनी और उनकी सबसे पक्की सहेली 31 साल की सरस्वती (उर्फ कवल) हमेशा एक-दूसरे के साथ ही रहती हैं। सरस्वती, राजनंदिनी के दिवंगत पति की बहन हैं। दरअसल, दोनों का बचपन भी एक साथ ही बीता है। कराची में सरस्वती का घर राजनंदिनी के घर से लगभग 6 किलोमीटर दूर सदर कस्बे में था। राजनंदिनी के विपरीत, सरस्वती का पूरा परिवार अब भारत में ही रहता है और उनके 38 वर्षीय पति दयालु गारमेंट सेक्टर (कपड़ा उद्योग) में काम करते हैं।
वे राजस्थान के घूमंतू (बंजारा) ‘गिहारा राजपूत’ समुदाय से ताल्लुक रखते हैं (विभाजन के बाद इस समुदाय के कई लोग पाकिस्तान के सिंध प्रांत से बस गए थे)। इन दोनों पक्की सहेलियों में कई बातें एक जैसी हैं, जैसे बचपन में पाबंदियों का झेला हुआ दर्द और साल 2008 में महज 13 साल की उम्र में भारत आईं, तब तक दोनों की शादी हो चुकी थी।
उन्होंने बताया, “हमारे यहां परिवारों का मानना होता है कि बेटियों की उम्र बढ़ने पर किसी की नजर उन पर पड़े, उससे पहले ही उनकी शादी कर देना सबसे बेहतर है।”
राजनंदिनी ने बताया कि जब वह 12 साल की थीं, तब उनकी शादी हो चुकी थी। उनकी सबसे बड़ी बेटी की उम्र अभी 17 साल है। दोनों की उम्र में महज 14 साल का अंतर है। इसी तरह सरस्वती की सबसे बड़ी संतान उनका बेटा 14 साल का है। पूनम की शादी भी महज 15 वर्ष की आयु में हो गई थी। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे हैं।
पाकिस्तान में हिंदुओं के लिए कैसा माहौल?
राजनंदिनी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पाकिस्तान में जहां वो रहती थीं, वहां कई हिंदू महिलाओं को लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, “कराची के इलाके ‘चानेसर’ में महिलाओं के साथ रेप और उनके अपहरण की घटनाएं होती रहती थीं। वहां ऐसे गैंग सक्रिय थे जो लोगों को बंदूक की नोक पर धमकाते थे। गैंग की हिंसा और पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले दागना वहां आम बात थी।”
सरस्वती बताती हैं कि कराची में घर से बाहर निकलने से पहले उन्हें अपने चेहरों को कवर करना पड़ता था। वे आगे कहती है कि जब प्लंबर या इलेक्ट्रीशियन जैसे कोई कारीगर आते थे, तो उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया जाता था और उनके जाने के बाद ही बाहर निकाला जाता था। अपहरण के डर से उन्हें कभी स्कूल नहीं भेजा जाता था। जो लोग खर्च उठा सकते थे, वे अपनी बेटियों के लिए प्राइवेट ट्यूशन का इंतजाम करते थे।
उन दोनों यह भी बताया कि उनके आसपास रहने वाले लगभग हर किसी का एक हिंदू नाम और एक मुस्लिम जैसा लगने वाला नाम है। ऐसा “भेदभाव से बचने के लिए” किया गया था।
पूनम की बेटी केसर ने सिर्फ 5वीं क्लास तक पढ़ाई की और फिर स्कूल छोड़ दिया। पूनम ने बताया, “मैंने उसे पाकिस्तान में एक नर्सरी स्कूल में भर्ती कराया था। वह स्कूल जाती भी थी। लेकिन वहां हिंदू होने की वजह से उसे परेशान किया जाता था। फिर इमिग्रेशन की पूरी प्रक्रिया और बार-बार जगह बदलने की वजह से उसकी पढ़ाई में रुकावट आई। हमने उसे अहमदाबाद के एक स्कूल में भर्ती कराया, लेकिन उस समय वह 9 साल की हो चुकी थी। वह बाकी बच्चों के साथ तालमेल नहीं बिठा पाई और आखिरकार उसने स्कूल छोड़ दिया।”
कराची और अहमदाबाद में क्या अंतर?
जब इन दोनों से द इंडियन एक्सप्रेस ने कराची और अहमदाबाद के जीवन में अंंतर के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वो भारत में पाकिस्तान से बिलकुल अलग जीवनशैली जी रही हैं। सरस्वती कहती हैं कि वहां उन्होंने बचपन से ही घुटन महसूस की। वो अपने पिता और भाई पर निर्भर रहती थीं और अकेले बाहर नहीं जा सकती थीं। वो कहती हैं कि अहमदाबाद में माहौल बिलकुल अलग हैं। अब उन्हें कोई चिंता महसूस नहीं होती।
वो कहती हैं कि गायों के पीछे भागना और बारिश में नाचना, सड़क किनारे की दुकान पर जाकर खुले में चाय पीना और नूडल्स खाना भी उन्हें लिए कितना नया और अनोखा अनुभव है, यह अन्य लोग नहीं समझ सकते।
द इंडियन एक्सप्रेस ने जब उनसे सवाल किया कि वो पाकिस्तान में अपनी बहनों को जब भारत के जीवन में बताती है तो वह क्या कहती हैं? इस पर राजनंदिनी कहती हैं कि वे भी भारत आना चाहती हैं लेकिन पैसे देने के बाद भी वीजा मिलने में होने वाली मुश्किल और साधनों की कमी उन्हें आवेदन करने से रोकती है।
यह भी पढ़ें: काबुल से फरीदाबाद तक: CAA के तहत मिली नागरिकता, जानें लाल चंद की तरह कैसे बदली शरणार्थियों की जिंदगी
