जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय संगठन की सोशल मीडिया गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, “मेरे दोस्तों यह एक लंबा संघर्ष है। सोशल मीडिया पर प्रधान के इस्तीफे की मांग शुरू किए हुए एक महीना हो गया है लेकिन ये लोग इतने बेशर्म हैं कि कार्रवाई करने के बजाय वे अन्य कामों में लगे हुए हैं जैसे हमारे अकाउंट हैक करना और हमारी पोस्ट डिलीट करवाना। आप हमारी पोस्ट डिलीट कर सकते हैं, लेकिन आप हमें इस जगह से मिटा नहीं सकते।”
उन्होंने कहा, ”मैं इस उद्देश्य की खातिर अपनी आजादी का बलिदान देने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।” सीजेपी संस्थापक ने दावा किया कि कई लोगों ने जेल जाने के डर से समझौता कर लिया है और ‘खुद को बेच दिया’ है। भीड़ की जोरदार तालियों के बीच उन्होंने कहा, ”लेकिन इस देश का छात्र, युवा नहीं बिका है।”
बच्चे सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो डरती हैं उनकी माताएं- अभिजीत
CJP समर्थकों को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि इस देश की माताओं को अक्सर डर लगता है जब उनके बच्चे सरकार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते हैं।
उन्होंने कहा, “जब मैं विरोध-प्रदर्शनों के लिए देश वापस आ रहा था तो मेरी मांं को बहुत डर था कि यह सरकार मुझे जेल में डाल देगी। इस देश में, हर मां को यह डर महसूस होता है जब उसका बच्चा इस सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है।”
