Sonam Wangchuk News: कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने शनिवार को दावा किया कि सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद जंतर-मंतर पर मचे हंगामे के दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें पीटा और हिरासत में लिया। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को घसीटकर ले गई।

अभिजीत दीपके ने कहा, “सभी पुलिस के गुंडे यहां पर आए, सोनम सर को घसीटकर गाली-गलौज कर के ले गए। 60 साल का इंसान जो भूख हड़ताल पर बैठा हुआ था। उसे जबरदस्ती उठाकर ले गई। उनको कहां पर लेकर गए हैं, यह हमें पता नहीं है। जैसे ही मुझे यह खबर मिली, मैं जंतर मंतर आ रहा था, वैसे ही पुलिस वालों ने मेरे साथ मारपीट की। मुझे भी घसीटा गया और गेट बंद करके मुझे बंद रखा और कहा कि देखते हैं कि तू जंतर-मंतर कैसे जाता है।”

ये दिल्ली पुलिस नहीं आरएसएस के गुंडे- दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर दीपके ने कहा, “यहां पर जितने भी छात्र थे, उनके साथ में भी मारपीट हुई थी। ये दिल्ली पुलिस नहीं है, आरएसएस के गुंडे हैं। 60 साल के इंसान को यह लोग घसीटकर लेकर गए हैं। मैं विदेश से अपने देश में आया क्या मैं कोई अपराधी हूं। मुझे इन लोगों ने सड़कों पर मारा, जब मैं चिल्ला रहा था तो इन लोगों ने मेरा मुंह दबाया। ये लोग बोल रहे थे कि इन्होंने हमसे कहा कि हम दिखाते हैं कि हम लोग क्या है। ये पुलिस नहीं ये आरएसएस के गुंडे हैं। सोनम सर को कहां पर लेकर गए हैं, इस बात की हमें कोई जानकारी नहीं है। आज जो भी हुआ है, इससे एक चीज साफ है कि नरेंद्र मोदी एक तानाशाह हैं।”

नरेंद्र मोदी एक तानाशाह- दीपके

अभिजीत दीपके ने कहा, “नरेंद्र मोदी एक तानाशाह हैं और दिल्ली पुलिस इनकी गुंडागर्दी को आगे बढ़ा रही है। नरेंद्र मोदी की तानाशाही का जवाब इस देश की जनता को देना होगा। मैं पूरे देशभर के लोगों से अपील कर रहा हूं कि सोनम सर के सपोर्ट में आज शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें।”

अभिजीत दिपके ने कहा, “अगर उन्हें लगता है कि सोनम सर को ले जाने से यह आंदोलन खत्म हो जाएगा, तो वे गलतफहमी में हैं। हम यहीं रहेंगे और 20 जुलाई को संसद तक मार्च करेंगे।” उन्होंने आगे कहा, “अब तक हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन इस घृणित कृत्य के बाद अब हम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करेंगे।”

सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया

बता दें कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उनको शनिवार की सुबह विरोध स्थल से हटाकर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। पुलिस की कार्रवाई के चलते जंतर-मंतर पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि कुछ समर्थकों ने वांगचुक को ले जाने से रोकने की कोशिश की। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में की गई थी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हटाया

इससे पहले शुक्रवार को सोनम वांगचुक ने एक वीडियो के जरिए कहा था, ”मैं किसी भी हालत में 20 जुलाई तक ज़िंदा रहूंगा ताकि मैं आप सबके साथ संसद तक मार्च कर सकूं। और अगर 20 जुलाई को हमारा मार्च सफल नहीं रहा तो फिर मैं भूत बनकर वापस आऊंगा।” उन्होंने अपने समर्थकों से 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल होने की अपील की। लेकिन आज सुबह दिल्ली पुलिस ने उनको जंतर-मंतर से हटा दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…