West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। इस बीच 24 परगना जिले में तैनात पर्यवेक्षक बनाए गए यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें वह तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान को चेतावनी दे रहे हैं। इस पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सवाल उठाया है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ऑब्जवर के नाम पर रामपुर व संभल में टेस्ट किये हुए अपने एजेंट भेजे हैं लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं। दीदी हैं, दीदी रहेंगी! सही समय आने पर भाजपा और उनके संगी-साथियों के इन जैसे ‘एजेंडों के एजेंटों’ की सारी आपराधिक करतूतों की गहरी जांच होगी और बेहद सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी।”
लोकतंत्र के अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आगे कहा, “ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं। हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे। ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे और अपने कुकृत्यों के लिए कानूनी सजा भी पाएंगे। लोकतंत्र के अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे।”
टीएमसी ने भी उठाए सवाल
टीएमसी ने भी अजय पाल शर्मा की नियुक्ति पर सवाल उठाए। टीएमसी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “उत्तर प्रदेश के कुख्यात “सिंघम” और योगी आदित्यनाथ के पसंदीदा “एनकाउंटर स्पेशलिस्ट” अजय पाल को चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना के लिए पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। यह वही अधिकारी है जो अपने “ठोक दो” वाले रवैये के लिए बदनाम है।”
अजय पाल शर्मा का वीडियो हो रहा वायरल
अजय पाल शर्मा ने अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी जहांगीर खान पर परिवार को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, “अगर लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश की तो अच्छे से खबर ली जाएगी। ये जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं, उसको बता देना कायदे से ये जो बार-बार खबरें आ रही हैं कि उसके लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे। फिर बाद में रोना-पछताना मत।”
थांतानिया कालीबाड़ी के मंदिर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तरी कोलकाता में अपने रोड शो की शुरुआत करने से पहले ऐतिहासिक थांतानिया कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। यह मंदिर मांसाहारी प्रसाद चढ़ाने की अपनी अनूठी परंपरा के लिए प्रसिद्ध है। पढ़ें पूरी खबर…
