West Bengal News: तृणमूल कांग्रेस के भीतर का संघर्ष एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। कई नेताओं और सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद वरिष्ठ तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी की टिप्पणियों से पार्टी में नई बेचैनी पैदा हो गई है। कल्याण बनर्जी ने सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि अगर पार्टी छोड़ने वाले नेताओं और सांसदों को तृणमूल में वापस लिया गया तो वे भी पार्टी छोड़ देंगे।
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, “मैं ममता बनर्जी से यह सार्वजनिक रूप से सुनना चाहता हूं कि पार्टी छोड़ने वालों को वापस नहीं लिया जाएगा। अगर उन्हें वापस लिया गया, तो मैं पार्टी छोड़ दूंगा। जो लोग पार्टी छोड़ चुके हैं, वे जहां भी हैं, वहां रहने के लिए स्वतंत्र हैं।”
बहुमत मिलने के बाद भी सरकार नहीं बना पाती ममता बनर्जी
कल्याण बनर्जी ने यह भी कहा कि अगर ममता बनर्जी को विधानसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत भी मिल जाता, तब भी टीएमसी सरकार बनाने में विफल रहती। उन्होंने कहा, “जो कुछ भी हुआ है, वह सही है। दीदी को 200 से अधिक विधायक भी मिल जाते, तो भी वह सरकार बनाने में विफल रहतीं और भारतीय जनता पार्टी सरकार बना लेती, क्योंकि वे करोड़ों रुपये देकर टीएमसी के विधायकों को खरीद लेते।”
नाराज सांसदों को निशाना बनाते हुए कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्होंने दावा किया कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ संबंधी प्रस्तावित कानून को संसद में पारित कराने के लिए तृणमूल के कुछ सांसदों को अपने पक्ष में कर लिया गया है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर यह कानून लागू होता है, तो 2029 में लोकसभा और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव एक साथ हो सकते हैं। ऐसे में पार्टी से अलग हुए नेताओं के राजनीतिक भविष्य पर भी सवाल उठेंगे।
पहले भी कल्याण बनर्जी जाहिर कर चुके नाराजगी
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब कल्याण बनर्जी पार्टी नेतृत्व के खिलाफ सार्वजनिक रूप से नाराजगी व्यक्त करते नजर आए हैं। तृणमूल कांग्रेस में चल रही बगावत के बीच हाई कोर्ट के एक मामले से हटाए जाने पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर की थी। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद ने पार्टी छोड़ने की धमकी तक दे दी थी। बाद में, अभिषेक बनर्जी द्वारा इस घटना पर खेद व्यक्त करने के बाद, कल्याण बनर्जी फिर से पार्टी के साथ सक्रिय रूप से काम करते नजर आए।
तब से उन्होंने 21 जुलाई की रैली की तैयारियों से लेकर पार्टी के चिन्ह और नाम को लेकर चुनाव आयोग के साथ कानूनी लड़ाई तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
यह भी पढ़ें: ‘एक घंटे में इस्तीफा दे दूंगा’, अभिषेक बनर्जी ने बागी सांसदों-विधायकों से ऐसी अपील क्यों की?
तृणमूल कांग्रेस में भारी बगावत के बीच पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, उन्हें मुझसे कोई दिक्कत है तो मैं 1 घंटे के अंदर इस्तीफा दे दूंगा बस वह दीदी के पास वापस आ जाएं। हालांकि उन्होंने बागी विधायकों और सांसदों से बीजेपी के साथ डील करने का आरोप लगाया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
