Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग के आधिकारिक आवास पर चोरी हो गई है। इसके बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। पुलिस ने बताया कि चोर एक स्टोर रूम में घुस गए और छह ट्राफियां लेकर फरार हो गए।
यह पूरी घटना दो अप्रैल की रात को घटी। अगले दिन सुबह इस बात का पता तब चला जब सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि स्टोर रूम का ताला टूटा हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि कमरे में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हुए थे। मंत्री के पीए प्रवीण सक्सेना ने 6 अप्रैल को टीटी नगर पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। मामले की पुष्टि करते हुए थाने के प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि जांचकर्ता संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने मुख्य आवास के बाहर स्थित एक स्टोर रूम को निशाना बनाया। मौके पर निगरानी न होने के कारण जांच जटिल हो गई है और अधिकारियों को आसपास के इलाकों से मिले सीसीटीवी फुटेज पर निर्भर रहना पड़ रहा है। दोहर ने कहा, “स्टोर रूम में कुछ शील्ड मिलीं, जिनके बारे में हमें बताया गया है कि वे मोमेंटो हैं। हमने एक टीम बनाई है और आरोपी की तलाश कर रहे हैं। उस विशेष क्षेत्र में कोई सीसीटीवी नहीं था।”
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है। जांच का नेतृत्व कर रहे सब-इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिकरवार ने बताया कि मामले की कई पहलुओं से जांच की जा रही है। राज्य की राजधानी में मौजूद हाई सिक्योरिटी वाले इलाकों में हाल के सालों में इसी तरह की घटनाएं देखने को मिली हैं।
अगस्त 2024 में, चोरों ने चार इमली क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह के आवास से नकदी और गहने चुरा लिए थे। दिसंबर 2020 में, चोरों ने 74 बंगलों क्षेत्र में तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव के बंगले से चंदन के पेड़ काटकर चुराने का प्रयास किया था।
5 सितंबर, 2025 की देर रात मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के इंदौर स्थित बीजालपुर इलाके में स्थित आवास पर नकाबपोश घुसपैठियों ने लूट का प्रयास किया। पांच से ज्यादा नकाबपोश लोगों ने बिजली काट दी, सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और दो घंटे से ज्यादा समय तक उनके ऑफिस में तोड़फोड़ की, लेकिन कथित तौर पर वे खाली हाथ लौट गए।
मृत भ्रूण लेकर जज के सामने पहुंचा शख्स
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में एक अजीब घटनाक्रम उस वक्त सामने आया, जब एक व्यक्ति अपनी पत्नी के गर्भपात के लिए कार कंपनी Maruti Suzuki India Limited से 200 करोड़ रुपये मुआवजा मांग रहा था। सुनवाई के दौरान शख्स अपने मृत भ्रूण को अदालत में लेकर गया और जज के सामने रख दिया। इस पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उसे कड़ी फटकार लगाई। जस्टिस हिमांशु जोशी ने कहा कि कहा कि अदालत कोई भावनात्मक या नाटक करने की जगह नहीं है। यहां फैसले सिर्फ कानून और सबूतों के आधार पर होते हैं। पढ़ें पूरी खबर…
