तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने शुक्रवार को करूर में हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मुलाकात की। इसी दौरान सीएम विजय ने बहु प्रतीक्षित ‘थाईमामन गोल्ड रिंग’ (Thaimaman Gold Ring) योजना की शुरुआत की तारीख की भी आधिकारिक घोषणा कर दी।

सीएम विजय ने बताया कि ‘थाईमामन गोल्ड रिंग’ योजना की शुरुआत अन्ना (सी. एन. अन्नादुरई) की जयंती के अवसर पर 15 सितंबर 2026 को शुरू की जाएगी।

आपको बता दें कि शुक्रवार को करूर पहुंचकर टीवीके प्रमुख विजय ने पिछले वर्ष 27 सितंबर को करूर में आयोजित टीडीपी (TDP) की चुनावी रैली के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 41 लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

इसके बाद एटलस एरिना में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री ने मृतकों के 32 परिवारों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे।

इससे पहले, तिरुचिरापल्ली (त्रिची) हवाई अड्डे से करूर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

‘थाईमामन गोल्ड रिंग’ योजना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने कहा, ”तमिलनाडु सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक ‘थाईमामन गोल्ड रिंग’ योजना का शुभारंभ 15 सितंबर 2026 को अन्ना (सी. एन. अन्नादुरई) की जयंती पर किया जाएगा। यह किसी ‘बुरे व्यक्ति’ की ‘रील’ वाली थाईमामन योजना नहीं बल्कि असली (रियल) थाईमामन योजना है।”

उन्होंने बताया कि 22 जून 2026 या उसके बाद तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को इस योजना का लाभ मिलेगा।

योजना के तहत तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने वाली प्रत्येक मां को राज्य सरकार की ओर से एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। यह सम्मान मां के प्रति आदर व्यक्त करने और नवजात शिशु का पारंपरिक ‘थाईमामन सीर’ (मामा द्वारा दिए जाने वाले उपहार) की परंपरा के अनुरूप स्वागत करने के उद्देश्य से दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मातृ एवं शिशु कल्याण को बेहतर बनाने के लिए इस महत्वाकांक्षी योजना पर राज्य सरकार हर वर्ष 755.83 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

सरकार का कहना है कि यह योजना ‘वेत्री तमिलनाडु’ (Vetri Tamil Nadu) विजन कार्यक्रम के तहत लोगों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।

‘करूर हादसा मेरे दिल का वो जख्म जो अभी तक भरा नहीं’

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने शुक्रवार को करूर में ऐलान किया कि राज्य सरकार पिछले साल सितंबर में उनकी रैली के दौरान मची भगदड़ के दौरान जान गंवाने वालों की याद में स्मारक बनाएगी। पिछले साल 27 सितंबर को करूर में मची भगदड़ की वजह से 41 लोगों की मौत हो गई थी।