जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षाकर्मियों ने एक संदिग्ध आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश किया है। मंगलवार को पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों की सूचना अधिकारियों को मिली थी, जिसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को कोई आतंकी तो नहीं मिला, लेकिन एक गुफा से एक हथियार और हैंड ग्रेनेड बरामद हुए।
अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, गुफा से बरामद किए गए सामान में AK-47 राइफल, 30 राउंड गोलियां, छह ग्रेनेड, बैंडेज, बैटरी, टॉर्च और मेडिकल सामग्री शामिल है। इस दौरान कुछ खाने-पीने का सामान भी मिला है।
सेना और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में मिली कामयाबी
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सेना और पुलिस द्वारा सथराबाण के जंगलों में चलाए गए एक संयुक्त सर्च अभियान के दौरान ये हथियार बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इन जिलों में भी सर्च ऑपरेशन शुरू
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद उधमपुर और कठुआ जिलों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इन जिलों में ऊपरी इलाकों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने बताया कि उधमपुर के मजालता स्थित सोआन, खुबान, चोर व नागण तथा कठुआ जिले के सदरौता, भेड व बलोर के वन क्षेत्रों में सोमवार शाम से सेना और पुलिस का संयुक्त अभियान जारी है।
दो बारूदी सुरंगों का पता चला
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक संदिग्धों से आमना-सामना नहीं हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि एक अलग मामले में पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में मंगलवार सुबह सेना के जवानों ने सीमा से सटी बाड़ के पास जंग लगी दो बारूदी सुरंगों का पता लगाया।
12 से अधिक सुरंग की जा चुकी हैं नष्ट
उन्होंने बताया कि ये बारूदी सुरंगें ट्रैक निर्माण कार्य के दौरान दिखाई दी थीं, जिन्हें बाद में सेना के विशेषज्ञों द्वारा नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। पिछले एक सप्ताह के दौरान सेना द्वारा इस क्षेत्र में 12 से अधिक बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: ‘कश्मीर मॉडल दिल्ली में लागू’, CJP के विरोध-प्रदर्शन से पहले लगी पाबंदियों पर उमर अब्दुल्ला का तंज
कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में लागू किए गए कड़े सुरक्षा उपायों पर टिप्पणी करते हुए जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर मॉडल को दिल्ली में लागू किया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
