तेलंगाना के निजामाबाद जिले के आर्मूर स्थित भारत चंद्र हाईस्कूल में कथित तौर पर प्रिंसिपल के साथ शुक्रवार की सुबह 10 बजे 10 से 15 लोगों के समूह ने मारपीट की गई। समूह की ओर से आरोप लगाया गया कि प्रिंसिपल ने 25 छात्रों की एक क्लास को उर्दू पढ़ाया था। इस घटना का वीडियो किसी ने बना लिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में शेयर कर दिया।
37 वर्षीय प्रिंसिपल आमिर खान ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि वे असल में अंग्रेजी के टीचर हैं और उर्दू की कुछ क्लासेस कुछ समय के लिए एक प्राइवेट स्कूल में एक अन्य टीचर द्वारा पढ़ाई गईं थी। उन्होंने कहा कि ये क्लासेस स्कूल मैनेजमेंट बोर्ड के निर्देश पर शुरू की गई थीं, जिसके प्रमुख हिंदू थे और उन्होंने फैसला किया था कि स्कूल में उर्दू को दूसरी भाषा के रूप में पढ़ाया जा सकता है।
भाजपा नेता पर लगाया फंसाने का आरोप
आमिर खान के पास अंग्रेजी में एमए और बीएड की डिग्री है और पिछले साल ही वे स्कूल के प्रिंसिपल बनाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की ओर से उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 27 जून की घटना के बाद उन्हें आर्मूर पुलिस थाने में 8 से 10 घंटे तक हिरासत में रखा गया था। आर्मूर विधानसभा सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की है।
आमिर खान के मुताबिक, स्कूल ने उर्दू शुरू करने का फैसला किया क्योंकि 25 फीसदी छात्र मुस्लिम हैं और मुस्लिम अभिभावकों की ओर से उर्दू पढ़ाने के लिए अनुरोध किया गया था।
दो दिनों के लिए आयोजित हुई उर्दू क्लास
प्रिंसिपल ने कहा, “शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत में, जून में, दो दिनों के लिए उर्दू की क्लासेस आयोजित की गई और जब हिंदू छात्रों के अभिभावकों ने इसका विरोध किया तो हमने इन क्लासेस को आगे आयोजित न करने का फैसला लिया है।”
उर्दू ही नहीं, बल्कि नमाज और कलमा भी पढ़ा रहे थे- भाजपा नेता
हालांकि बाद में इस मामले को भाजपा नेता ने उठाया। भाजपा की आर्मूर इकाई के अध्यक्ष एम बालू ने दावा किया, “वे सिर्फ उर्दू ही नहीं पढ़ा रहे थे, बल्कि स्कूल में नमाज और कलमा भी पढ़ा रहे थे।”
हालांकि स्कूल मैनेजमेंट ने इस दावे को खारिज कर दिया। स्कूल ने आर्मूर पुलिस स्टेशन में स्थानीय भाजपा नेतृत्व के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। स्कूल के अधिकारी मल्लेश ने कहा, “किसी भी धार्मिक ग्रंथ को पढ़ाने का कोई सवाल ही नहीं था। छात्रों को दो दिनों तक उर्दू वर्णमाला सिखाई जा रही थी।”
शिकायत के आधार पर एम बालू के खिलाफ अतिक्रमण और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। इधर आर्मूल के तहसीलदार सत्यनारायण ने स्कूल के प्रिंसिपल और मल्लेश के खिलाफ भी बीएनएस की धारा के तहत शिकायत दर्ज कराई है।
आर्मर पुलिस ने कहा कि वे “दोनों शिकायतों की जांच कर रहे हैं और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।”
हिंदू छात्रों को इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर कर रहा था- भाजपा नेता
इसी बीच, एम बालू ने माना है कि उन्होंने टीचर के साथ मारपीट की थी। एम बालू ने दावा किया, “हमें पूरा यकीन था कि वह हिंदू छात्रों को इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर करने की कोशिश कर रहा था।”
इस बीच, आमिर खान ने कहा कि वह पिछले 15 सालों से अंग्रेजी पढ़ा रहे हैं और उन्होंने 2025 में स्कूल में प्रधानाचार्य के रूप में काम शुरू किया था। उन्होंने कहा, “प्रबंधन मेरे काम से खुश था और इसलिए उन्होंने इस साल भी मेरा कॉन्ट्रैक्ट जारी रखने का फैसला किया।” स्कूल प्रबंधन के अनुसार, 17 जून से कक्षाएं शुरू हुईं थी।
यह भी पढ़ें: तेलंगाना के छात्र की लंदन में मौत, आखिरी फोन कॉल में परिवार से क्या बात हुई?
तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लंदन में मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीनाथ रेड्डी के रूप में हुई है। वह करीब 14 साल पहले उच्च शिक्षा के लिए लंदन गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
