जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने जन सुराज के अध्यक्ष प्रशांत किशोर से सोमवार की शाम मुलाकात की। इस संबंध में उन्होंने खुद एक्स पर एक पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने मुलाकात का एक वीडियो शेयर किया है। साथ ही राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने के भी संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं थी। इस दौरान भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की गई।
तेज प्रताप ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा। मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर से हुई, जहां हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की। इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ जो आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं, तेज प्रताप यादव, इस संवाद को अपने राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अनुभव के रूप में देखता हूं, जहां सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प और भी मजबूत हुआ।” पोस्ट में उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे का अभिवादन करते दिखे। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और मीटिंग रूम की ओर बढ़ गए।
देर रात हुई इस मुलाकात के बाद से सियासी अटकलों का दौर निकल पड़ा है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि दोनों नेता एक नया गठबंधन बना सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
यह भी पढ़ें – बिहार की सत्ता के केंद्र में बिजेंद्र यादव की एंट्री के क्या मायने? NDA सरकार में पहले कभी नहीं हुआ ऐसा
भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ ही विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्य की सत्ता के केंद्र में यादव चेहरे की एंट्री से राज्य में अटकलों का दौर शुरू हो गया है। विजय कुमार चौधरी के बीजेपी नेता विजय सिन्हा का रिप्लेसमेंट माना जा रहा है। बिजेंद्र की एंट्री ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या बीजेपी राज्य में नई राजनीतिक समीकरण पर काम कर रही है। पूरी खबर पढ़ें…
