जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव का एक वीडियो इनदिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में वह बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री से वीडियो कॉल पर बातचीत करते दिख रहे हैं। इस दौरान वह धीरेंद्र शास्त्री से अपने राजनीतिक भविष्य के बारे में पूछते नजर आ रहे हैं। जबकि उधर से यह जवाब मिल रहा है कि साथ बैठकर वो सारी चीजें देखेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे।

वीडियो चर्चा का विषय इसलिए है क्योंकि तेज प्रताप यादव धीरेंद्र शास्त्री के आलोचक रहे हैं। उन्होंने बागेश्वर वाले बाबा को ‘डरपोक’ और ‘देशद्रोही’ बताया था। साथ ही उनकी तुलना आसाराम बापू और रामरहीम से की थी। ऐसे अब उसने बातचीत का यह वीडियो राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में चर्चा का विषय है।

वीडियो में तेज प्रताप कहते सुनाई दे रहे हैं – बाबा थोड़ा मेरा राजनीतिक देख लीजिएगा, राजनीतिक। इसके जवाब में धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं – बिल्कुल पक्का। हम और आप बैठेंगे जब आप यहां आएंगे। तेज प्रताप ने इस बात पर सहमति जताई। दोनों ने साथ एक-डेढ़ घंटे बैठने की बात की।

यहां देखें वायरल वीडियो –

गौरतलब है कि साल 2023 में जब धीरेंद्र शास्त्री बिहार की राजधानी पटना के नौबतपुर में कथा करने वाले थे, तब तेज प्रताप यादव ने कड़ा विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि बिहार गांधी और बुद्ध की धरती। यहां अगर कोई हिंदू और मुस्लिम को लड़ाने आएगा तो उसे वापस लौटना पड़ेगा।

उन्होंने यहां तक कह दिया था कि अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें रोकने के लिए एयरपोर्ट का भी घेराव किया जाएगा। उनके इस बयान ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसे धीरेंद्र शास्त्री के लिए खुली चुनौती माना गया था। वन एवं पर्यावरण मंत्री रहते हुए भी उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कई विवादित बयान दिए थे।

उन्होंने कहा था कि बहुत बाबा आए, लेकिन हम बहुत बड़े वाले बाबा हैं। हम जमीन से लेकर पाताल तक नाप देंगे। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए उनकी तुलना आसाराम और रामरहीम से भी की थी। उन्होंने कहा था कि वो वैसे ही बाबा हैं, जैसे आसाराम और रामरहीम हैं।