आंध्र प्रदेश के स्थानीय चुनाव के मद्देनजर सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और YSR कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए हैं। इस दौरान पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं हैं।
मामला अन्नामय्या जिले के पुंगनूर कस्बे में का है, जहां स्थानीय निकाय चुनावों से पहले, नामांकन दाखिल करने को लेकर TDP और YSRCP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। हमले में YSRCP के सांसद और नामांकन दाखिल करने जा रहे उम्मीदवार घायल हुए।
TDP कार्यकर्ताओं ने हमला किया- सांसद
YSRCP के लोकसभा फ्लोर लीडर और राजमपेट के सांसद पी.वी. मिथुन रेड्डी ने दावा किया कि उनके काफिले पर लाठियों, लोहे की छड़ों और पत्थरों से लैस TDP कार्यकर्ताओं ने हमला किया। हमले में घायल सांसद, स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने जा रहे YSRCP उम्मीदवारों के साथ थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब दोनों पार्टियों के समर्थक उस कार्यालय में एक साथ पहुंचे जहां नामांकन दाखिल किए जा रहे थे, तो वहां आमना-सामना हो गया और हमले शुरू हो गए।
यह हत्या की कोशिश थी- गडीकोटा श्रीकांत रेड्डी
इस बीच, YSRCP ने आरोप लगाया कि TDP के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोका और उम्मीदवारों को नामांकन केंद्र तक पहुंचने से रोकने की कोशिश की। पार्टी ने यह भी कहा कि YSRCP नेताओं की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। आगे कहा कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हमलावरों को रोकने या उम्मीदवारों की सुरक्षा करने में नाकाम रहे। YSRCP के महासचिव गडीकोटा श्रीकांत रेड्डी ने कहा, “यह हत्या की कोशिश थी।”
हालांकि, पुलिस ने दावा किया कि दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों के समर्थक आमने-सामने आ गए और उन्होंने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू किया।
YSRCP ने TDP सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने अपने कार्यकर्ताओं को हिंसा करने की छूट दी, ताकि विपक्षी उम्मीदवारों की आवाज दबाई जा सके और चुनाव प्रक्रिया में बाधा डाली जा सके।
चुनाव आयोग से दखल देने की मांग
YSRCP ने मांग की है कि राज्य चुनाव आयोग मामले में तुरंत दखल दे, पुलिस को आपराधिक मामले दर्ज करने और जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दे। साथ ही उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे जो इस हमले को रोकने में नाकाम रहे।
पार्टी ने उम्मीदवारों और उनके प्रस्तावकों के लिए सुरक्षा की मांग की है और यह भी कहा कि प्रभावित उम्मीदवारों के लिए सुरक्षित तरीके से और बिना किसी रुकावट के नामांकन दाखिल करने की व्यवस्था की जाए।
