TCS Nashik Case Update: नासिक की एक अदालत ने टीसीएस के कथित यौन उत्पीड़न और धार्मिक दबाव के मामले में फरार निदा खान को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। उनके वकील ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई तक अंतरिम सुरक्षा के लिए आवेदन दिया था।
इसी बीच, शिकायतकर्ता के वकील ने लिखित जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगने वाला आवेदन दायर किया, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए 27 अप्रैल तक का समय दिया। अब अदालत 27 अप्रैल को अग्रिम जमानत याचिका और अंतरिम राहत याचिका दोनों पर सुनवाई करेगी।
शिकायतकर्ता के वकील एडवोकेट मिलिंद कुरकुटे ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “आज तक कोई अंतरिम राहत नहीं दी गई है। हम मूल पीड़िता यानी शिकायतकर्ता की ओर से पेश हुए हैं। हम निवेदन करते हैं कि हमारा लिखित बयान रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए। हमें अपना बयान दाखिल करने का अवसर दिया जाना चाहिए। अदालत ने हमें अपना लिखित बयान दाखिल करने की अनुमति दे दी है। मूल पीड़िता शिकायतकर्ता और जांच टीम के बयान के लिए मामला 27 अप्रैल को रखा गया है और उसके बाद अदालत दोनों पक्षों की सुनवाई करेगी।”
बता दें कि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के नासिक कार्यालय में कथित धार्मिक उत्पीड़न के एक मामले में आरोपी 26 निदा खान अग्रिम जमानत के लिए नासिक रोड सत्र न्यायालय में याचिका दायर की है।
पुलिस ने कितने आरोपियों को किया गिरफ्तार
टीसीएस नासिक की बीपीओ यूनिट में काम करने वाले सात महिलाओं और एक पुरुष कर्मचारी द्वारा कंपनी के छह कर्मचारियों पर यौन उत्पीड़न, धार्मिक भावनाओं को आहत करने और जरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। नासिक पुलिस ने एक पीड़िता की शिकायत पर अंडरकवर ऑपरेशन किया और उसके बाद कुल नौ एफआईआर दर्ज की। छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और निदा खान अब तक फरार है।
कंपनी ने समिति का गठन किया
सोशल मीडिया पर एक एक चिट्ठी के जरिए इस विवाद पर टीसीएस सीईओ के. कृतिवासन ने विस्तृत जानकारी दी है। चिट्ठी में बताया गया है कि मामले की जांच के लिए स्वतंत्र सलाहकार के रूप में डेलॉइट की विशेषज्ञ टीम का सहयोग लिया जा रहा है। इस जांच को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की प्रेसिडेंट और सीओओ सुश्री आरती सुब्रमणियन के नेतृत्व में किया जा रहा है।
एक ओवरसाइट समिति का गठन भी किया गया है जिसकी अध्यक्षता TCS के स्वतंत्र निदेशक केकी मिस्त्री कर रहे हैं। चिट्ठी में मीडिया में चल रही कई खबरों का खंडन भी किया गया है। निदा खान को लेकर कहा गया है कि वो कंपनी में किसी भी तरह से भर्ती प्रक्रिया से नहीं जुड़ी हुई है। लीडरशिप संबंधी कोई दूसरी जिम्मेदारी भी निदा खान को नहीं दी गई है।
निदा खान कहां है?
पुलिस की जांच के बीच निदा खान की सही लोकेशन अभी साफ नहीं है। पुलिस ने कहा कि वह फरार है और टेक्निकल सर्विलांस और फील्ड ऑपरेशन के ज़रिए उसकी हरकतों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस के एक बयान के मुताबिक निदा को ढूंढने के लिए तीन अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पढ़ें पूरी खबर…
